1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. बाजार में भारी उथल-पुथल के बीच Sebi ने दिया बयान, किसी भी तरह की अनिवार्य कार्रवाई के लिए हैं तैयार

बाजार में भारी उथल-पुथल के बीच Sebi ने दिया बयान, किसी भी तरह की अनिवार्य कार्रवाई के लिए हैं तैयार

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 13, 2020 02:00 pm IST,  Updated : Mar 13, 2020 02:00 pm IST

नियामक ने कहा कि सेबी और शेयर बाजार जरूरत के हिसाब से उपयुक्त कदम उठाने के लिए तैयार हैं।

Ready to take any action as required, says Sebi amid steep mkt volatility- India TV Hindi
Ready to take any action as required, says Sebi amid steep mkt volatility

नई दिल्‍ली। बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने शुक्रवार को कहा कि शेयर बाजारों में भारी उथल-पुथल से निपटने के लिए वह किसी भी तरह की अनिवार्य कार्रवाई करने के लिए तैयार है। सुबह के कारोबार में शेयर बाजारों के निचले सर्किट स्तर को छूने के बाद कारोबार को 45 मिनट के लिए रोक दिया गया था। सेबी ने एक बयान में कहा कि कोरोनावायरस महामारी से जुड़ी चिंताओं के चलते पिछले कुछ दिनों में अन्य वैश्विक बाजारों की तरह ही भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट का रुख देखा गया है।

कोरानावायरस की वजह से कच्चे तेल की वैश्विक कीमतें भी गिरी हैं और आर्थिक मंदी की आशंका का डर भी बढ़ा है। नियामक ने कहा कि सेबी और शेयर बाजार जरूरत के हिसाब से उपयुक्त कदम उठाने के लिए तैयार हैं। सेबी ने कहा कि भारतीय बाजार में गिरावट का रुख अन्य देशों के बाजारों के मुकाबले उल्लेखनीय रूप से कम है। 

सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 4,700 अंक ऊपर आया, निफ्टी 9,900 अंक से पार

शुरुआती कारोबार में शुक्रवार को निचले सर्किट स्तर को छूने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में कारोबार सुधर रहा है। दोपहर के सत्र में सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 4,700 अंक से अधिक ऊपर आ चुका है। जबकि निफ्टी दोबारा 9,900 अंक से ऊपर पर बना हुआ है। बीएसई सेंसेक्स में 29,388.97 अंक के निचले स्तर से 4,700 अंक से अधिक सुधार देखा गया है।

दोपहर एक बजकर पांच मिनट पर यह 1,329.37 अंक यानी 4.06 प्रतिशत बढ़त के साथ 34,107.51 अंक पर रहा। इसी तरह निफ्टी में भी पिछले बंद के मुकाबले एक बजकर पांच मिनट 382.95 अंक यानी 3.99 प्रतिशत की बढ़त के साथ 9,973.10 अंक पर रहा। सुबह के सत्र में दोनों शेयर बाजारों में 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।

कारोबार शुरू होने के 15 मिनट के भीतर ही शेयर बाजारों के निचले सर्किट स्तर को छू लेने के बाद बाजार को 45 मिनट के लिए बंद करना पड़ा। सुबह साढ़े दस बजे के बाद से शेयर बाजारों में कारोबार सामान्य चल रहा है। पिछले सत्र के कारोबार में सेंसेक्स 2,919.26 अंक गिरकर 32,778.14 अंक पर और निफ्टी 868.25 अंक टूटकर 9,590.15 अंक पर बंद हुआ था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा