हर पांच साल में सरकार बदलने वाले राज्य राजस्थान में शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हुई। राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से 199 पर वोटिंग हुई जहां 5.25 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। वोटिंग करवाने के लिए पौने तीन लाख से ज्यादा कर्मचारी लगाए गए थे। वहीं पूरे प्रदेश में मतदान के चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए । मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है जो कि शाम 6 बजे तक चला। एक सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी की मौत की वजह से वोटिंग नहीं हो रही है। राजस्थान में मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच में ही माना जा रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एक बार फिर जीत का दावा कर रहे हैं वहीं, बीजेपी जनता के मन को जीतकर चुनाव जीतने की कोशिश में हैं। बीजेपी ने कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा, 6 सांसदों और 1 राज्यसभा सांसद समेत 59 मौजूदा विधायकों पर दांव लगाया है। वहीं कांग्रेस ने 7 निर्दलीय विधायकों और एक बीजेपी विधायक शोभारानी कुशवाह समेत 97 विधायकों को मैदान में उतारा है।
राजस्थान में आज 200 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ। चुनाव आयोग ने बताया कि शाम 6 बजे तक 68 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ और वोटिंगा का फाइनल आंकड़ा 69 प्रतिशत से अधिक रहेगा। इस दौरान एक दो मतदान केंद्रों पर झड़प और हिंसा की खबरें भी आईं।
बूंदी: हिण्डोली राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मे बने मतदान केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन देखने को मिला है। बूथ संख्या 27 व 28 का ये मामला है। यहां महिलाएं मतदान केंद्र में होने के बावजूद निर्वाचन कर्मचारियों द्वारा डरा धमकाकर बाहर निकालने का आरोप लगा रही हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता बची हुई महिलाओं का मतदान करवाने व कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि महिलाओं के पास आई डी नहीं थी, लेकिन महिलाओं का कहना है कि हमारे पास मोबाइल में आई डी थी।
कांमा विधानसभा क्षेत्र में पुलिस पर हमला करने की सूचना मिली है। यहां पुलिस पर पथराव किया गया है। एक प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा ये हमला किया गया है। कांग्रेस प्रत्याशी पर झगड़े के आरोप लगे हैं। समर्थकों ने पुलिस से पहले झगड़ा किया और इसी दौरान पुलिस पर पथराव जमकर किया। ये मामला कांमा विधानसभा क्षेत्र के सांवलेर का बताया जा रहा है।
अजमेर - 65.75 प्रतिशत वोटिंग
अलवर - 69.71 प्रतिशत वोटिंग
बांसवाड़ा - 72.49 प्रतिशत वोटिंग
बारां - 73.12 प्रतिशत वोटिंग
बाडमेर - 69.98 प्रतिशत वोटिंग
भरतपुर - 67.26 प्रतिशत वोटिंग
भीलवाड़ा - 68.39 प्रतिशत वोटिंग
बीकानेर - 66.56 प्रतिशत वोटिंग
बूंदी - 70.40 प्रतिशत वोटिंग
चितौड़गढ 69.68 प्रतिशत वोटिंग
चूरू - 70.22 प्रतिशत वोटिंग
दौसा - 67.26 प्रतिशत वोटिंग
धौलपुर - 74.11 प्रतिशत वोटिंग
हनुमानगढ - 75.75 प्रतिशत वोटिंग
जैसलमेर - 76.57 प्रतिशत वोटिंग
झालवाड़ा -73.37 प्रतिशत वोटिंग
कोटा - 70.02 प्रतिशत वोटिंग
टोंक - 68.78 प्रतिशत वोटिंग
प्रतापगढ - 73.36 प्रतिशत वोटिंग
राजसमंद - 66.75 प्रतिशत वोटिंग
सवाईमाधपुर - 65.33 प्रतिशत वोटिंग
सीकर 68.48 प्रतिशत वोटिंग
सिरोही -63.62 प्रतिशत वोटिंग
उदयपुर - 64.98 प्रतिशत वोटिंग
राजस्थान में शाम 5 बजे तक 68.24 प्रतिशत वोटिंग हो गई है। वहीं दोपहर 3 बजे तक यानी 8 घण्टे में 55.63 प्रतिशत मतदान पूरा हो गया था।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "लोगों का आशीर्वाद हमें मिल चुका है, कांग्रेस की सरकार फिर से बनेगी। कौन क्या कह रहा है, मुझे इससे फर्क़ नहीं पड़ता, मैं मेरी बात कर रहा हूं।"
भवानीमंडी विधानसभा क्षेत्र में रावण के वेश में एक शख्स मतदान करने पहुंचा। यहां उन्होंने लंबी लाइन में खड़े होकर मतदान किया। रावण रूपी स्थानीय कलाकार दिनेश जैन दिलवाला ने रावण का स्वांग रचकर मतदान करने की अपील की। वहीं कलाकार के साथ पुलिस कर्मियों एवं पोलिंग बूथ पर तैनात स्काउट गाइड की छात्राओं और वोटरो ने सेल्फी भी खिंचवाई। 'रावण' ने भवानीमंडी के सेठ आनंदी लाल पोद्दार उच्च माध्यमिक विद्यालय में बूथ केंद्र 51 पर मतदान किया है।
राजस्थान में निर्वाचन आयोग की पहल रंग लाई है क्योंकि दोपहर तक ही यहां 50 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ है। दोपहर 3 बजे तक यानी 8 घण्टे में 55.63 प्रतिशत मतदान पूरा हो गया। सुबह 7 बजे से 9 बजे तक 9.62 प्रतिशत मतदान हुआ था। सुबह 9 से 11 बजे तक 14.21 प्रतिशत मतदान हुआ था तो वहीं सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक 14.95 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद दोपहर 1 से 3 बजे तक 13.63 प्रतिशत और मतदान हुआ। अब तक कुल 1,35,546 मतदाताओं ने अपना वोट दिया है।
सीकर के फतेहपुर शेखावाटी में बोचीवाल भवन के पास पथराव की खबर है। यह भारी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।
अजमेर में किन्नर समाज ने भी मतदान किया है। मतदान करने के बाद उन्होंने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि हमें भी सरकार चुनने का अधिकार मिला है।
जयपुर के सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता का कुछ लोगों से विवाद हो गया। मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। हवामहल विधानसभा क्षेत्र में भी हंगामे की खबर आ रही है।
राजस्थान में दोपहर एक बजे तक 40.27 फीसदी वोटिंग हुई है।
कहां-कितनी वोटिंग?
राजस्थान के झालवाड़ और उदयपुर जिले से बुरी खबर आई है। यहां वोट डालने के लिए लाइन में लगे दो बुजुर्गों की मौत हो गई है। उदयपुर ग्रामीण के एक पोलिंग बूथ पर 69 साल के बुजुर्ग ने लाइन में खड़े-खड़े दम तोड़ दिया। वहीं, झालावाड़ के मोलक्या कला के मतदान केंद्र पर लाइन में लगे 70 साल के बुजुर्ग अचानक जमीन पर गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। संभावना जताई जा रही है कि दोनों बुजुर्गों की हार्ट अटैक से मौत हुई है।
विधानसभा चुनाव के बीच धौलपुर में फायरिंग की खबर है। धौलपुर के बाड़ी विधानसभा के बसई डांग थाना क्षेत्र के रजई खुर्द गांव में फायरिंग हुई है। मौके पर पुलिस पहुंची है और फायरिंग के आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, "लोकतंत्र उत्सव है, सभी लोग अपने मत का उपयोग कर रहे हैं। लोगों में उत्साह है। सभी मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपने विचारों की अभिव्यक्ति करना चाहिए। तभी हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा।"
राज्यपाल कलराज मिश्र ने जयपुर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। सुबह 11 बजे तक राजस्थान में 24.74% मतदान दर्ज किया गया है।
मतदान प्रतिशत (विधानसभा क्षेत्रवार) जिला जोधपुर
1. जोधपुर शहर 21.60 %
2.सरदारपुर 24.30 %
3.लूणी 22.84%
4.बिलाड़ा 23.58%
5.सूरसागर 22.90%
6.ओसियां 21.50%
7.लोहावट 22.41%
8.शेरगढ़ 25.01%
9.भोपालगढ़ 20.04%
10.फलोदी 19.58%
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनके बेटे वैभव गहलोत ने सरदापुरा में वोट डाला। वोट डालने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, "हमारी सरकार दोबारा आ रही है। उनकी(भाजपा) बातों में दम नहीं है। अब ये लोग गायब हो जाएंगे। अब ये 5 साल बाद आएंगे। हम यहीं रहेंगे, जनता के बीच जाएंगे और उनके सुख-दुख की बात करेंगे।"
राजस्थान के पाली जिले में एक राजनीतिक दल के एजेंट की शनिवार को मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि एजेंट शांति लाल की संभवत: हृदय गति रुकने के कारण मौत हुई। सुमेरपुर निर्वाचन क्षेत्र में बूथ संख्या 47 पर राजनीतिक दल के एजेंट शांति लाल मतदान केंद्र पर ही गिर गये। शांति लाल को पहले नजदीकी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने किया अपना मत का प्रयोग। अपने पैतृक गांव बरनगांव के राजकीय विद्यालय में किया मतदान। मतदाताओं को अधिक से अधिक मताधिकार करने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने परिवार के साथ जोधपुर में वोट डाला। उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि कि मतदाता राजस्थान में इतिहास रचने के लिए मतदान करेंगे।
राजस्थान में पोलिंग स्टेशनों के बाहर मतदाताओं की लंबी लाइन देखी जा रही है। सुबह 9 बजे तक राजस्थान में 9.77% मतदान हुआ है।
राजस्थान का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र शेरगांव में बनाया गया है, जहां 118 लोग वोट डाल रहे हैं। सिरोही जिले के आबू-पिंडवाड़ा विधानसभा में 4921 फुट की ऊंचाई पर स्थित शेरगांव के वोटर्स इस साल पहली बार अपने ही गांव में वोट डाल पा रहे हैं। ये पोलिंग बूथ माउंटआबू के गुरु शिखर से करीब 18 किलोमीटर दूर है, जहां सिर्फ पैदल ही जाया जा सकता है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा, ''राजस्थान इस बार मुफ्त इलाज चुनेगा, राजस्थान इस बार सस्ता गैस सिलेंडर चुनेगा, राजस्थान ब्याज मुक्त कृषि कर्ज चुनेगा, राजस्थान अंग्रेज़ी शिक्षा चुनेगा, राजस्थान OPS चुनेगा, राजस्थान जाति जनगणना चुनेगा। उन्होंने कहा, हर व्यक्ति को बड़ी संख्या में जाकर अपने मताधिकार इस्तेमाल करना चाहिए। जनता को हितकारी और गारंटी वाली सरकार चुननी चाहिए।''
सीएम अशोक गहलोत ने दावा किया कि राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ कोई ‘सत्ता विरोधी’ लहर नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी राज्य में फिर से सरकार बनाएगी। गहलोत ने जोधपुर में कहा कि कांग्रेस का चुनाव प्रचार अभियान विकास के मुद्दों पर केंद्रित है, जबकि प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा उसके अन्य नेताओं ने अपने प्रचार में ‘भड़काऊ’ भाषा का इस्तेमाल किया। भाजपा नेताओं के चुनावी भाषणों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘जनता समझ चुकी है। ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस सरकार फिर से सत्ता में आएगी।’’
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा, 'मैं मतदाताओं को कहूंगी कि जोरदार तरीके से वोट डालें, कमल खिलाएं और देश के लिए एक बड़ा कदम उठाएं।"
राजस्थान की 199 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। जयपुर, जोधपुर समेत कई शहरों में सुबह से ही लंबी कतारें दिख रही हैं। पोलिंग बूथ के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जयपुर में सचिन पायलट ने वोट डाल दिया है तो वही बीजेपी सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़, दीया कुमारी ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर पूर्व के किसामीदेसर के बूथ संख्या 174 में अपना वोट डाला। भाजपा नेता राज्यवर्धन राठौड़ ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गजेंद्र सिंह शेखावत वोट डालने जोधपुर के एक मतदान केंद्र पहुंचे। भाजपा नेता राज्यवर्धन राठौड़ ने भी राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया।
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मतदान शुरू हो गए हैं। जयपुर में एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की कतार देखी गई है। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ है।
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया है। 199 सीटों पर वोटिंग हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान मतदान को लेकर कहा, ''राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए आज वोट डाले जाएंगे। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग कर वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। इस अवसर पर पहली बार वोट देने जा रहे राज्य के सभी युवा साथियों को मेरी ढेरों शुभकामनाएं।''
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता के मुताबिक, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 200 में से 199 विधानसभा सीटों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता के मुताबिक, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 200 में से 199 विधानसभा सीटों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कूनर के निधन की वजह से श्रीगंगानगर करनपुर सीट पर आज मतदान नहीं होगा।
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने राज्य की जनता से कांग्रेस सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को ध्यान में रखते हुए वोट डालने की अपील की है।
राजस्थान की 199 सीटों पर 1,863 प्रत्याशी मैदान में हैं। 5,26,90,146 मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। 18-30 आयु वर्ग के 1,70,99,334 युवा मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 18-19 आयु वर्ग के 22,61,008 नए मतदाता शामिल हैं।
पहले दावे और फिर एक-दूसरे पर पर्सनल छींटाकशीं के बाद अब आज राजस्थान में राज और रिवाज बदलने के लिए वोटिंग का दिन है। अशोक गहलोत को अपनी 7 गारंटियों पर भरोसा है जबकि बीजेपी दावा कर रही है कि इस बार भी राज बदलेगा।
संपादक की पसंद