1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ओलंपिक स्थगित होने से परेशान नहीं निशानेबाज सौरभ : कोच अमित श्योराण

ओलंपिक स्थगित होने से परेशान नहीं निशानेबाज सौरभ : कोच अमित श्योराण

 Reported By: Bhasha
 Published : May 06, 2020 04:54 pm IST,  Updated : May 06, 2020 04:54 pm IST

युवा निशानेबाज सौरभ चौधरी की शांतचितता और पिस्टल से उनके अचूक निशानों से बेहद प्रभावित निशानेबाजी कोच अमित श्योराण ने कहा कि ओलंपिक खेल जब भी आयोजित होंगे तब उनका यह प्रिय शिष्य मानसिक और कौशल दोनों तरह से इनके लिये तैयार रहेगा। 

ओलंपिक स्थगित होने से...- India TV Hindi
ओलंपिक स्थगित होने से परेशान नहीं निशानेबाज सौरभ : कोच अमित श्योराण  Image Source : TWITTER

 नई दिल्ली। युवा निशानेबाज सौरभ चौधरी की शांतचितता और पिस्टल से उनके अचूक निशानों से बेहद प्रभावित निशानेबाजी कोच अमित श्योराण ने कहा कि ओलंपिक खेल जब भी आयोजित होंगे तब उनका यह प्रिय शिष्य मानसिक और कौशल दोनों तरह से इनके लिये तैयार रहेगा। कोच के अनुसार इस निशानेबाज के लिये यह मायने नहीं रखता कि ओलंपिक खेल कल से शुरू होंगे, अगले साल होंगे या दस साल बाद होंगे।

श्योराण ने पीटीआई–भाषा से कहा, ‘‘ओलंपिक के स्थगित होने या अभी उनको लेकर बनी अनिश्चितता से वह किसी तरह से प्रभावित नहीं है। उसने कहा कि चाहे उनका आयोजन अभी हो जाए या अगले साल हो या फिर दस साल बाद ही क्यों न हो, यह किसी के नियंत्रण में नहीं है और उनका काम अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ तैयारियां करना है ताकि उन्हें प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का मौका मिल सके। ’’

पिछले कई वर्षों से चौधरी के साथ काम करने से कोच को यह बात अच्छी तरह से पता है कि उनका यह शिष्य बाकी लोगों की तुलना में बहुत कम परेशान होता है और देश के अपने अन्य प्रतिभाशाली साथियों में तुलना में चीजों को अधिक सहजता से लेता है। ऐसा तब है कि जब उनकी उम्र अभी केवल 17 साल है। चोधरी अगले ओलंपिक तक बालिग हो जाएंगे और श्योराण को पूरा विश्वास है कि जीवन के इस चरण में भी वह अपने साथ अपनी शांतचितता और उत्कृष्ट कौशल को बनाये रखेंगे।

कोविड-19 महामारी के कारण तोक्यो ओलंपिक खेलों को एक साल के लिये स्थगित कर दिया गया है और ऐसी आशंकाएं भी जतायी जा रही है कि अगर स्थिति सामान्य नहीं हुई तो इन खेलों को रद्द भी किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बिनौली में निशानेबाजी अकादमी चलाने वाले श्योराण ने कहा कि चौधरी अपना ध्यान केवल अभ्यास पर दे रहे हैं तथा मेरठ के अपने आवास में घरेलू रेंज पर दिन में तीन बार अभ्यास करते हैं। श्योराण ने कहा, ‘‘उसने अपना अभ्यास जारी रखा है। वह सुबह तीन घंटे, शाम को दो घंटे और फिर रात को दो घंटे अभ्यास करता है। उसके पास किसी अन्य चीज के लिये कोई समय नहीं है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल