क्या कोई सांप को खा सकता है? सुनते ही कितना घिनौना और डरावना सा लग रहा है। लेकिन अमेरिका के फ्लोरिडा से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। दरअसल, एक युवक का किसी महिला के साथ कहासुनी हो गई। जिसके बाद वह गुस्से में आकर महिला के पालतू अजगर को उसने काट लिया और हद तो तब हो गई जब उसने अपने दांतों से उस पालतू अजगर की गर्दन काटकर अलग कर दिया। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस भी युवक की इस हरकत को देखकर हैरान रह गई।
Related Stories
पुलिस को देख खुद को कर लिया कमरे में बंद
महिला और युवक की झगड़े की शिकायत मिलने पर पहुंची पुलिस ने 22 साल के केविन जस्टिन मोरोगा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि युवक का झगड़ा महिला के अपार्टमेंट में हुआ था। केविन और महिला के बीच किस तरह के संबंध है यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि केविन को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जब पुलिस उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। केविन ने महिला के बाल पकड़कर उसे नीचे गिरा दिया था। जिसके बाद महिला ने ही चिल्लाकर बताया कि केविन अंदर छिपा हुआ है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने केविन जस्टिन को बाहर निकलने के लिए कहा लेकिन उसने मना कर दिया। तब पुलिस को मजबूर होकर टेजर गन (इलेक्ट्रिक करंट छोड़ने वाली बंदूक) का इस्तेमाल करना पड़ा। पुलिस ने जब अपार्टमेंट की जांच की तो एक अजगर मरा हुआ मिला जिसकी गर्दन कटी हुई थी। महिला ने बताया कि यह सांप उसका ही पालतू अजगर था और केविन ने अपने दांतों से काटकर उसकी गर्दन अलग कर दी। पुलिस ने केविन को पशु क्रूरता, जबरन बंधक और पुलिस का विरोध करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। केविन को कोर्ट के सामने पेश कर उसे जेल भेज दिया गया। वहीं केविन को जमानत के लिए 12 लाख रुपए का बॉन्ड भी भरना होगा।