1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल में पर्यटन के लिए 23 सितंबर से खोले जाएंगे वन, मार्च से हैं बंद

पश्चिम बंगाल में पर्यटन के लिए 23 सितंबर से खोले जाएंगे वन, मार्च से हैं बंद

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 17, 2020 01:32 pm IST,  Updated : Sep 17, 2020 02:14 pm IST

पश्चिम बंगाल में पर्यटन के लिए वन 23 सितंबर से खोले जाएंगे। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पश्चिम बंगाल में पर्यटन के लिए 23 सितंबर से खोले जाएंगे वन, मार्च से हैं बंद- India TV Hindi
पश्चिम बंगाल में पर्यटन के लिए 23 सितंबर से खोले जाएंगे वन, मार्च से हैं बंद Image Source : PTI

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में पर्यटन के लिए वन 23 सितंबर से खोले जाएंगे। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि हर साल मानसून के कारण 15 जुलाई से 15 सितंबर तक वन दो महीने के लिए बंद कर दिए जाते हैं, लेकिन इस बार महामारी के कारण मार्च में लॉकडाउन के बाद से ही वन बंद हैं। 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने त्योहारों से पहले वनों को खोलने का फैसला किया है क्योंकि लंबे समय से इनके बंद होने से पर्यटन अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक रविकांत सिन्हा ने कहा कि वनों को खोलने का निर्णय बुधवार को वन मंत्री राजीव बनर्जी की अध्यक्षता में हुई बैठक में किया गया।

उन्होंने कहा कि पर्यटकों के लिए दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे और शुक्रवार को एक बैठक में इसकी रूपरेखा तैयार की जाएगी। बनर्जी ने पहले कहा था कि सरकार त्योहार के दौरान पर्यटकों के लिए वन और राष्ट्रीय उद्यान खोलने के तौर तरीकों पर काम कर रही है।

गौरतलब हो कि पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से बुधवार को 61 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,123 हो गई। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन में बताया कि 3,237 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,12,383 हो गई।

बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 2,971 लोग इस संक्रमण से मुक्त हुए हैं जिसके बाद राज्य में लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिलने की दर 86.69 फीसदी हो गई। राज्य में अब 24,147 मरीजों का इलाज चल रहा है।

वहीं, अगर पूरे देश की बात करें तो केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बुधवार सुबह 8 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 97924 नए मामले दर्ज किए गए हैं, एक दिन में आए ये सबसे अधिक केस है। 

इन नए मामलों के साथ अब देश में कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 51,18,283 तक पहुंच गया है। जिस रफ्तार से देश में कोरोना के मरीज ठीक हो रहे हैं उससे कहीं ज्यादा रफ्तार से कोरोना के नए मामले आ रहे हैं जिस वजह से एक्टिव मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान कोरोना के एक्टिव मामलों में 14043 की बढ़ोतरी हुई है और देश के कुल कोरोना एक्टिव मामलों का आंकड़ा बढ़कर 10 लाख को पार कर गया है। 

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के साथ देश में कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों में 1132 लोगों ने देशभर में कोरोना की वजह से जान गंवाई है। कोरोना वायरस अबतक देश में 83198 लोगों की मौत का कारण बन चुका है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।