1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका, किसान विंग के अध्यक्ष राजू करपड़ा ने दिया इस्तीफा

गुजरात में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका, किसान विंग के अध्यक्ष राजू करपड़ा ने दिया इस्तीफा

 Reported By: Nirnay Kapoor, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Feb 11, 2026 10:22 am IST,  Updated : Feb 11, 2026 10:45 am IST

गुजरात में आम आदमी पार्टी की किसान विंग के अध्यक्ष राजू करपड़ा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। राजू पिछले काफी समय से गोपाल इटालिया से नाराज चल रहे थे।

राजू करपड़ा- India TV Hindi
राजू करपड़ा Image Source : FB@RAJUBHAIKARPADA21

अहमदाबादः गुजरात में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की किसान विंग के अध्यक्ष राजू करपड़ा ने AAP से इस्तीफा दे दिया है। राजू करपड़ा पिछले काफी समय से गोपाल इटालिया से नाराज चल रहे थे। करपड़ा ने इस्तीफे से सौराष्ट्र क्षेत्र में पार्टी के फैलाव पर ब्रेक लग सकता है। 

केजरीवाल को लिखा पत्र

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में राजू करपड़ा ने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी में अपने सभी पदों एवं जिम्मेदारियों से आज दिनांक 11 / 02 / 2026 से इस्तीफा देता हूं। व्यक्तिगत कारणों के चलते मेरे लिए वर्तमान दायित्वों का निर्वहन कर पाना संभव नहीं है। पार्टी ने मुझे जो अवसर, सम्मान और सहयोग दिया उसके लिए मैं हृदय से आभारी हूं। कृपया मेरा इस्तीफा स्वीकार करने की कृपा करें।

सोशल मीडिया पर किया ये पोस्ट

अपने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर कर करपड़ा ने कहा कि दोस्तों, आज मैं आम आदमी पार्टी के सभी पदों से इस्तीफ़ा दे रहा हूं..! मेरा फ़ैसला आपको ज़रूर हैरान कर देगा। मैंने पार्टी को मज़बूत बनाने के लिए अपने परिवार को खास अहमियत और समय दिया है, लेकिन कुदरत ने यहीं तक साथ लिखा है। अगर मैंने कभी किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाई हो, तो मैं माफ़ी चाहता हूं। मैं आम आदमी पार्टी के नेशनल और स्टेट लीडरशिप के साथ-साथ अपने सभी साथियों और किसानों का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने मुझे प्यार दिया।

सुरेंद्रनगर से लड़ा था चुनाव

बता दें कि राजू करपड़ा 2021-22 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे और 2022 में सुरेंद्रनगर से विधानसभा चुनाव लड़ा। वह इससे पहले बोटाद AAP मीटिंग में पत्थरबाजी की घटना में भी चर्चा में आए थे। बोटाद में पुलिस और किसानों के बीच हुई झड़प में पुलिस ने कुल 85 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने आम आदमी पार्टी के नेता राजू करपड़ा और प्रवीण राम को 16 अक्टूबर 2025 को तब गिरफ्तार किया था, जब वे किसानों पर हो रहे अत्याचार को खत्म करने और न्याय की मांग को लेकर अहमदाबाद ऑफिस में आमरण अनशन पर बैठने वाले थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।