1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. महाराष्ट्र के मालेगांव में बड़ा हादसा, टक्कर के बाद कुएं में गिरे ऑटो और बस, 20 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के मालेगांव में बड़ा हादसा, टक्कर के बाद कुएं में गिरे ऑटो और बस, 20 लोगों की मौत

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jan 28, 2020 05:52 pm IST,  Updated : Jan 28, 2020 11:29 pm IST

महाराष्ट्र के मालेगांव के पास मंगलवार को राज्य परिवहन की एक बस ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां सड़क किनारे स्थित कुएं में गिर गईं।

Maharashtra: A bus and a rickshaw fell into a well after...- India TV Hindi
Maharashtra: A bus and a rickshaw fell into a well after ramming into each other

मालेगांव: महाराष्ट्र के मालेगांव के पास मंगलवार को राज्य परिवहन की एक बस ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां सड़क किनारे स्थित कुएं में गिर गईं। एक अधिकारी ने बताया कि उत्तरी महाराष्ट्र के नासिक जिले में मालेगांव-देओला सड़क पर मेशी फाटा पर शाम करीब चार बजे हुई दुर्घटना में 18 से ज़्यादा लोग ज़ख्मी हुए हैं।

उन्होंने बताया कि सवारियों से खचा-खच भरी राज्य परिवहन की बस ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में अधिकतर घायल बस की सवारियां हैं। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी तेज़ थी कि बस ऑटो को घसीटकर सड़क किनारे स्थित कुएं में ले गई और दोनों गाड़ियां कुएं में गिर गईं।

नासिक ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया, “कुएं में से कम से कम 20 शवों को निकाला गया है और घायलों को सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। ” उन्होंने बताया, “हम पंपों की मदद से कुएं से पानी निकाल रहे हैं ताकि यह देख सकें कि क्या और मुसाफिर अब भी कीचड़ में फंसे हुए हैं?” एक अन्य अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की बस धुले जिले से नासिक के कल्याण जा रही थी, जबकि ऑटो विपरीत दिशा से आ रहा था।

पुलिस ने बताया कि बस को कुएं से बाहर निकाल लिया गया है। इस बीच एमएसआरटीसी ने देर शाम जारी विज्ञप्ति में कहा कि इस घटना के लिए पहली नज़र में चालक की गलती लगती है। अभी यह साफ नहीं है कि मृतकों में बस चालक शामिल है या नहीं। परिवहन मंत्री और एमएसआरटीसी के अध्यक्ष अनिल परब ने दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये का मुआवज़ा देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज का पूरा खर्च एमएसआरटीसी उठाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत