1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल में हथनी की हत्या पर फूटा मेनका गांधी का गुस्सा, कहा- 'पटाखे नहीं, प्रोफेशनल बम था'

केरल में हथनी की हत्या पर फूटा मेनका गांधी का गुस्सा, कहा- 'पटाखे नहीं, प्रोफेशनल बम था'

 Published : Jun 04, 2020 12:07 pm IST,  Updated : Jun 04, 2020 12:07 pm IST

भाजपा सांसद मेनका गांधी ने केरल के पलक्कड जिले में एक गर्भवती हथनी की पटाखों से भरा अनानास खिलाकर निर्मम हत्या करने के मामले पर प्रतिक्रिया दी है।

केरल में हथनी की हत्या पर फूटा मेनका गांधी का गुस्सा, कहा- 'पटाखे नहीं, प्रोफेशनल बम था'- India TV Hindi
केरल में हथनी की हत्या पर फूटा मेनका गांधी का गुस्सा, कहा- 'पटाखे नहीं, प्रोफेशनल बम था' Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: भाजपा सांसद मेनका गांधी ने केरल के पलक्कड जिले में एक गर्भवती हथनी की पटाखों से भरा अनानास खिलाकर निर्मम हत्या करने के मामले पर प्रतिक्रिया दी है। मेनका गांधी ने कहा, "केरल में हर साल तकरीबन 600 हाथी मरते हैं। ये हाथी वहां के हैं भी नहीं। बल्कि ये असम, बिहार, ओडिशा से चोरी से लाए गए हैं। अपने हाथी तो केरल वाले पहले ही मार चुके है और ये पटाखा भी नहीं था क्योंकि पटाखे को आग लगाना पड़ता है। ये एक प्रोफेशनल बम था।"

मेनका गांधी ने कहा, "केरल सरकार कुछ तो करे। ना मंत्री कुछ जानता है, ना सासंद और ना फॉरेस्ट डिपार्टमेंट। जंगली सुअर को मारने के लिए केरल सरकार ने तीन महीने पहले बम बनाने की इजाजत दी। ये सब खेतों में, जंगलों में फैलाए गए। जंगली सुअर को मारने की जरूरत क्या है? जंगली सुअर अक्लमंद हैं, वह सूंघ सकते हैं लेकिन हाथी नहीं और ये बम हथनी के मुंह में डाला गया था।" 

उन्होंने कहा, "अगर जानवर को मारना हमारी संस्कृति नहीं है तो इतने जानवर मारे क्यों जाते है?" उन्होंने कहा, "आप और हम दो दिन रोएंगे फिर साईक्लोन आ जाएगा और अटेंशन डाइवर्ट हो जाएगी। कोई सबक नहीं सीखेंगे। राहुल गांधी को कुछ तो बोलना चाहिए। अब वक्त है कि सरकार में आपका हिस्सा है कानून बदले। मंदिर से हाथियों को निकलवाएं, प्राइवेट ओनरशिप बंद करें, बिना लाइसेंस के हाथियों को चलना बंद करें।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत