1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. संसद परिसर में धरने पर बैठे निलंबित राज्यसभा सांसद, कई और सांसदों का भी मिला साथ

संसद परिसर में धरने पर बैठे निलंबित राज्यसभा सांसद, कई और सांसदों का भी मिला साथ

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 21, 2020 01:12 pm IST,  Updated : Sep 21, 2020 01:46 pm IST

राज्यसभा के सभापति एम वैंकेया नायडू ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद डेरेक ओ ब्रायन, आम आदमी पार्टी (AAP) के संजय सिंह, कांग्रेस के राजीव साटव, रिपुन बोरा तथा नाजिर हुसैन, केके रागेश, डोला सेन और इलामरन करीम को निलंबित किया है।

संसद परिसर में धरने पर बैठे निलंबित राज्यसभा सांसद- India TV Hindi
संसद परिसर में धरने पर बैठे निलंबित राज्यसभा सांसद Image Source : ANI

नई दिल्ली: राज्यसभा के सभापति एम वैंकेया नायडू ने रविवार को राज्यसभा में हंगामा करने के लिए 8 सांसदों को एक हफ्ते के लिए निलंबित कर दिया। अब वह सांसद संसद परिसर में गांधी मूर्ति के पास धरने पर बैठ गए हैं। इनके साथ कई और विपक्षी दलों के सांसद भी हैं। बता दें कि सभापति एम वैंकेया नायडू ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद डेरेक ओ ब्रायन, आम आदमी पार्टी (AAP) के संजय सिंह, कांग्रेस के राजीव साटव, रिपुन बोरा तथा नाजिर हुसैन, केके रागेश, डोला सेन और इलामरन करीम को निलंबित किया है।

नायडू ने सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कहा, ''कल का दिन राज्‍यसभा के लिए बहुत बुरा दिन था जब कुछ सदस्‍य सदन के वेल तक आ गए। डिप्‍टी चेयरमैन के साथ धक्‍कामुक्‍की की गई। उन्‍हें अपना काम करने से रोका गया। यह बेहद दुर्भाग्‍यपूर्ण और निंदनीय है। मैं सांसदों को सुझाव देता हूं, कृपया थोड़ा आत्‍मनिरीक्षण कीजिए।'' सभापति की इस कार्रवाई के बाद भी सदन में हंगामा जारी रहा।

फिलहाल, सदन की कार्यवाही 22 सितंबर सुबह 9 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। ऐसे में अब निलंबित सासंद संसद परिसर में गांधी मूर्ति के पास धरना दे रहे हैं। इन सभी सांसदों पर रविवार के दिन राज्यसभा में उप सभापति के ऊपर कागज फाड़कर फेंकने, माइक तोड़ने, टेबल पर चढ़कर हंगामा करने और राज्यसभा में नियमों का पालन नहीं करने का आरोप है। 

रविवार को कृषि बिलों पर चर्चा के दौरान इन सभी सांसदों ने भारी हंगामा किया था और जब बिल पर उप सभापति ने ध्वनिमत वोटिंग शुरू की तो कई सांसद उप सभापति के कुर्सी तक पहुंच गए और वहां पर माइक तोड़ने लगे और कागज फाड़कर फेंकने लगे। कई सांसदों ने राज्यसभा के नियमों की किताब फाड़ी तो कुछ ने कृषि बिलों की कॉपी फाड़ी। आज सोमवार को सभापति एम वेंकाया नायडू ने सदन का अनुशासन तोड़ने के लिए इन सभी सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।