1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. प्रयागराज महाकुंभ के लिए उल्टी गिनती शुरू, लगने लगे होर्डिंग, जानें कब-कब होगा स्नान

प्रयागराज महाकुंभ के लिए उल्टी गिनती शुरू, लगने लगे होर्डिंग, जानें कब-कब होगा स्नान

 Published : Jun 02, 2023 11:36 am IST,  Updated : Jun 02, 2023 11:36 am IST

प्रयागराज में 2025 में होने वाले महाकुंभ के शाही स्नान एवं अन्य आयोजनों की तारीखों का आधिकारिक एलान हो गया है।

Prayagraj Mahakumbh, Prayagraj Mahakumbh Date, Prayagraj Mahakumbh Snaan- India TV Hindi
प्रयागराज महाकुंभ 2025 की अहम तारीखों का एलान हो गया है। Image Source : FILE

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 2025 में होने वाले महाकुंभ के लिए उल्टी गिनती आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। प्रयागराज में राज्य पर्यटन विभाग के दफ्तर के बाहर होटल राही इलावर्त परिसर के पास एक होर्डिंग लगाया गया है, जिस पर मुख्य स्नान पर्वोंं की तारीखों के बारे में जानकारी दी गई है। राज्य के पर्यटन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दुनिया का यह सबसे बड़ा धार्मिक मेला 45 दिन तक चलेगा और इसके पहले 21 दिनों के भीतर ही 3 ‘शाही स्नान’ आयोजित किए जाएंगे।

‘देश के कोने-कोने में लगाए जाएंगे ऐसे होर्डिंग’

डीपी होटल इलावर्त राही के सीनियर मैनेजर सिंह ने कहा, ‘यह होर्डिंग होटल प्रशासन ने लगाया है। इसका मकसद महाकुंभ 2025 का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार करना है, ताकि दुनिया भर से लोग इसका हिस्सा बनें। यह एक अनूठा कार्यक्रम है। स्नान उत्सवों की तारीखों से तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को अपनी यात्राओं की बेहतर प्लानिंग करने में मदद मिलेगी।’ होर्डिंग के ऊपर मोटे अक्षरों में महाकुंभ 2025 लिखा हुआ है। इसके बाद 'दुनिया का सबसी बड़ी आध्यात्मिक सभा' का वर्णन है। होर्डिंग में महाकुंभ 2025 के स्नान की तारीखों का जिक्र है। अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही इस तरह के होर्डिंग देश के कोने-कोने में लगाए जाएंगे। 

कब शुरू होगा कुंभ मेला? क्या हैं अहम तारीखें?
प्रयागराज महाकुंभ मेला 13 जनवरी 2025 को पौष पूर्णिमा के स्नान पर्व के साथ शुरू होगा। इसके बाद 14 जनवरी को 'मकर संक्रांति' शाही स्नान और 29 जनवरी को मौनी अमावस्या स्नान पर्व होगा। इस मेले का तीसरा और अंतिम शाही स्नान 'बसंत पंचमी' का स्नान पर्व 3 फरवरी, 2025 को होगा। होडिर्ंग में यह भी लिखा है कि अचला सप्तमी का स्नान 4 फरवरी को होगा और माघी पूर्णिमा का स्नान 12 फरवरी को होगा। महाशिवरात्रि का अंतिम आधिकारिक स्नान पर्व 26 फरवरी को होगा। पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने माना कि ऐसा पहली बार हुआ है कि धार्मिक मेले का प्रचार-प्रसार कई महीने पहले होर्डिंग्स के जरिए शुरू हो गया है। (IANS)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत