नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी GST, JEE और NEET के मुद्दे पर बुधवार को कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों के साथ वर्चुअल मीटिंग करेंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार दोपहर 02:30 पर होने वाली इस मीटिंग में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी हिस्सा लेंगे। बता दें कि इस समय GST के मुआवजे के साथ-साथ JEE और NEET के एग्जाम का मुद्दा भी गरमाया हुआ है। सोनिया गांधी ने गुरुवार को इसे लेकर ममता, उद्धव और हेमंत से संपर्क भी किया था।
Related Stories
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनिया गांधी ने राज्यों को माल एवं सेवा कर (GST) से जुड़े मुआवजे के जल्द भुगतान की मांग के मुद्दे पर मंगलवार को पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और झारखंड के मुख्यमंत्रियों से संपर्क किया। सूत्रों का कहना है कि सोनिया पार्टी शासित 4 राज्यों के मुख्यमंत्रियों और ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे एवं हेमंत सोरेन के साथ डिजिटल बैठक कर जीएसटी परिषद की बैठक में जीएसटी से जुड़े मुआवजे के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के मकसद से साझा रणनीति बनाएंगी। जीएसटी परिषद की बैठक 27 अगस्त को होगी।
इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता राजीव गौड़ा ने कहा कि जीएसटी लागू होने से राज्यों को हुए राजस्व नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे का पूरा एवं समय से भुगतान करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि जीएसटी कानून के तहत राज्यों को जीएसटी लागू होने के बाद के 5 साल तक किसी भी कर नुकसान की भरपाई केंद्र सरकार को करनी है। राजस्व में इस कमी की गणना यह कल्पना करके की जाती है कि राज्य के राजस्व में सालाना 14 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी, जिसके लिए आधार वर्ष 2015-16 रखा गया है।