1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. मध्य प्रदेश के कूनो सफारी पार्क से भागा अफ्रीकी चीता, पहुंच गया राजस्थान, फैली दहशत

मध्य प्रदेश के कूनो सफारी पार्क से भागा अफ्रीकी चीता, पहुंच गया राजस्थान, फैली दहशत

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : May 04, 2024 09:27 pm IST,  Updated : May 04, 2024 09:27 pm IST

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से भागकर एक चीता राजस्थान के करणपुर इलाके के सिमारा गांव पहुंच गया है। चीता के पहुंचने की खबर मिलते ही आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है।

kuno national park- India TV Hindi
कूनो सफारी पार्क से भागा चीता Image Source : FILE PHOTO

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क से एक नामिबियन चीता भागकर राजस्थान पहुंच गया है। चीते ने राजस्थान के करौली जिले के करणपुर इलाके के सिमारा गांव में डेरा डाल रखा है और लोगों की नजर से छिपकर रह रहा है। शनिवार की सुबह इलाके में चीते के घुसने की सूचना से पूरे इलाके और आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। चीते के गांव में घुसने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम सिमारा गांव पहुंची और चीते को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

वन विभाग और पुलिस ने गांव और उसके आसपास के लोगों से सावधानी बरतने और चीते से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की है। वन विभाग का कहना है कि मध्य प्रदेश स्थित कूनो सफारी पार्क से भटकते हुए एक चीते के करौली पहुंचने की सूचना है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उसे पकड़कर वापस कूनो नेशनल पार्क पहुंचाया जाएगा। वहीं, लोगों ने बताया कि शनिवार की सुबह कुछ ग्रामीण खेतों पर जा रहे थे कि उनकी नजर एक जंगली जानवर पर पड़ी। उसे देखते ही वे डरकर भागे और वापस गांव आ गए।  

जानवर के गांव में घुसने की खबर सुनकर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस को जंगली जानवर के आने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने खेतों में पंजे के निशान देखकर जानवर के नामिबियाई चीता होने की पुष्टि की। इस बीच मध्य प्रदेश के वन विभाग की एक टीम भी सिमारा गांव पहुंची। चीते को ट्रेंकुलाइज कर वापस कूनो पहुंचाने के प्रयास हो रहे हैं। लोगों के बीच दहशत का माहौल है। चीते को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम पुलिस के साथ मिलकर काम कर रही है। कहा जा रहा है कि जल्द ही चीता पकड़ा जाएगा। ​

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।