IND vs SL, U19 Asia Cup, Semi-Final: दुबई के आईसीसी अकेडमी ग्राउंड पर भारत और श्रीलंका की टीम के बीच में अंडर-19 एशिया कप का सेमीफाइनल मुकाबला बारिश के खलल की वजह से 20-20 ओवर्स का खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद श्रीलंका अंडर19 टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 8 विकेट के नुकसान पर 138 रनों का स्कोर बनाया। श्रीलंका की तरफ से चमिका हीनतिगाला के बल्ले से 42 रनों की शानदार पारी देखने को मिली। वहीं भारत की तरफ से गेंदबाजी में हेनिल पटेल और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा खिलान पटेल, किशन कुमार सिंह और दीपेश देवेंद्रन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
भारतीय टीम ने 139 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 18 ओवर्स में 2 विकेट के नुकसान पर टारगेट का पीछा कर लिया। टीम इंडिया की तरफ से टारगेट का पीछा करते हुए आरोन जॉर्ज के बल्ले से 58 रनों की पारी तो वहीं विहान मल्होत्रा के बल्ले से 61 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली। अब फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत 21 दिसंबर को पाकिस्तान से होगी।