T20 World Cup 2022: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का आठवां सीजन आज से शुरू हो रहा है। ऑस्ट्रेलिया में आयोजित हो रहे इस मेगा क्रिकेट इवेंट में 16 टीमें खिताब के लिए जोर लगाएंगी। इसमें मेजबान और गत विजेता ऑस्ट्रेलिया अपना खिताब बरकरार रखने की कोशिश करेगा। आईसीसी के इस टूर्नामेंट का आयोजन 29 दिनों तक ऑस्ट्रेलिया के सात अलग-अलग स्थानों पर होगा। इस दौरान कुल 45 मुकाबले खेले जाएंगे। आज यानी 16 अक्टूबर से पहले राउंड की शुरुआत हो रही है। पहले दिन डबल हेडर के तहत दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में श्रीलंका और नामीबिया तो दूसरे मैच में नीदरलैंड्स और यूएई की टीम आमने-सामने होगी। आइए एक नजर डालते हैं टूर्नामेंट के फॉर्मेट, ग्रुप, तारीख और स्ट्रीमिंग समेत सभी अहम जानकारियों पर...
टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं लेकिन इनमें से 8 टॉप टीमें सीधा सुपर 12 स्टेज के मुकाबले खेलेंगी। जबकि बाकी की 8 टीमें दो ग्रुपों में बंटकर पहले राउंड के मुकाबलों में हिस्सा लेंगी। इनमें से दोनों ग्रुप की टॉप दो टीमें सुपर 12 स्टेज के लिए क्वॉलीफाई करेंगी।
ऑस्ट्रेलिया के सात अलग-अलग मैदानों पर सभी मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें ब्रिसबेन का गाबा, गीलौंग का कार्डिनिया पार्क, होबार्ट का बेलेरीव ओवल और पर्थ स्टेडियम। इनके अलावा मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में फाइनल जबकि एडिलेड ओवल और सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में सेमीफाइनल का आयोजन होगा।
भारत में टूर्नामेंट के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है। ऐसे में भारत की अलग-अलग भाषाओं में स्टार के अलग-अलग चैनलों पर लाइव मैच देखे जा सकते हैं। वहीं डिज्नी+हॉटस्टार पर ऑनलाइन स्ट्रीमिंग का लुत्फ उठाया जा सकता है।
रेडियो/एफएम के माध्यम से वर्ल्ड कप मैचों का आंखों देखा-हाल और लाइव कमेंट्री का मजा लिया जा सकता है। भारत में इसके लिए प्रसार भारती (ऑल इंडिया रेडियो) और डिजीटल 2 स्पोर्ट्स के डिजीटल प्लेटफॉर्म के पास अधिकार हैं।
इस बार वर्ल्ड कप का आयोजन तीन चरणों में आयोजित होगा। पहले दौर में चार-चार टीमें दो ग्रुप में बंटकर राउंड रोबिन के तहत मुकाबले खेलेंगी। दोनों ग्रुप की टॉप दो टीमें सुपर 12 स्टेज में पहुचेंगीं। दूसरे चरण यानी सुपर 12 स्टेज में छह-छह टीमों के दो ग्रुप होंगे। यहां भी राउंड रोबिन के तहत ही मुकाबले होंगे। इसके बाद हर ग्रुप की टॉप दो टीमें नॉकआउट स्टेज में पहुंचेंगी। नॉकआउट स्टेज यानी तीसरा चरण जिसमें दो सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
टूर्नामेंट में ग्रुप मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं होगा। लेकिन किसी भी तरह की रूकावट में मैच का परिणाम निकालने के लिए 5-5 ओवर का मैच भी हो सकता है। हालांकि नॉकआउट राउंड के लिए रिजर्व डे की व्यवस्था की गई है।
पहले दौर के मुकाबले आज यानी 16 अक्टूबर से शुरू हो रहे हैं। ये 21 अक्टूबर को खत्म होंगे। इसके बाद 22 अक्टूबर से दूसरे दौर यानी सुपर 12 स्टेज के मुकाबले शुरू होंगे। इनका आयोजन 6 नवंबर तक होगा। आखिरी दौर यानी नॉकआउट राउंड के मुकाबले 9 से 13 नवंबर तक खेले जाएंगे। इनमें 9 और 10 को दोनों सेमीफाइनल जबकि फाइनल 13 नवंबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर होगा।
संपादक की पसंद