पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अधिकारियों ने सोमवार को हिंदू समुदाय के प्रमुख त्योहार दिवाली के मद्देनजर प्रांतीय राजधानी पेशावर और इसके आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पेशावर के प्रमुख स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा, विशेष टीमों को 24 घंटे गश्त और निगरानी का काम सौंपा गया है।
अधिकारी के अनुसार, पुलिस जिला प्रशासन और खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है, ताकि हिंदू समुदाय के लोग पूरी सुरक्षा और शांति के साथ दिवाली मना सकें। पेशावर के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर भी कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए चौकियां यानी पिकेट स्थापित की गई हैं। आस-पास के जिलों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच, खैबर पख्तूनख्वा में हिंदू समुदाय के लोगों में दिवाली को लेकर खासा उत्साह है। त्योहार की तैयारियां जोरों पर हैं, और हिंदू समुदाय के लोग अपने मंदिरों और घरों को रोशनी, फूलों और अन्य पारंपरिक वस्तुओं से सजा रहे हैं।
शहरभर के विभिन्न मंदिरों में विशेष प्रार्थनाएं, अनुष्ठान और सामुदायिक समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकारियों का यह आश्वासन और सुरक्षा इंतजाम समुदाय को शांतिपूर्ण ढंग से उत्सव मनाने में मदद कर रहा है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, लक्ष्मी पूजा और मुख्य दीपावली का उत्सव कार्तिक अमावस्या की तिथि पर मनाया जाता है, जो इस साल 20 अक्टूबर को पड़ रही है।
(इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
बिहार चुनाव में वंशवाद का बोलबाला,उम्मीदवारों की लिस्ट में नेताओं के रिश्तेदारों की भरमार
दिवाली-छठ और चुनाव... ट्रेनों में भरी खचाखच भीड़, दिल्ली और मुंबई के स्टेशनों पर यात्रियों का सैलाब
संपादक की पसंद