1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. क्या कभी खाई है सिंधी कढ़ी, चखते ही आ जाएगा मजा, नोट कर लीजिए आसान सी रेसिपी

क्या कभी खाई है सिंधी कढ़ी, चखते ही आ जाएगा मजा, नोट कर लीजिए आसान सी रेसिपी

 Written By: Vanshika Saxena
 Published : Feb 10, 2026 04:35 pm IST,  Updated : Feb 10, 2026 10:23 pm IST

Sindhi Kadhi Recipe: क्या आपको भी कढ़ी और चावल खाना पसंद है? अगर हां, तो आपको कम से कम एक बार सिंधी कढ़ी की रेसिपी को जरूर ट्राई करके देखना चाहिए।

सिंधी कढ़ी- India TV Hindi
सिंधी कढ़ी Image Source : COOK WITH DILLIFOODIES/YT

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भुने हुए बेसन और टमाटर वाली सिंधी कढ़ी महज आधे घंटे के अंदर बन जाती है। इस कढ़ी में सहजन, भिंडी, ग्वार फली, आलू और बैंगन भी डाला जा सकता है। सिंधी कढ़ी बनाने के लिए 4 बड़ी स्पून बेसन, सहजन, आलू, तली हुई भिंडी, गाजर, कटा हुआ बैंगन, राई, जीरा, मेथी दाना, हींग, करी पत्ता, अदरक-मिर्च का पेस्ट, एक कप टमाटर की प्यूरी, 3-4 बड़ी स्पून इमली का गूदा और 2 बड़ी स्पून तेल की जरूरत पड़ेगी।

पहला स्टेप- सबसे पहले कड़ाही में तेल गर्म कर इसमें मेथी दाना, राई, हींग और जीरे का तड़का लगाइए। अब इस तड़के में बेसन एड कर इसे तब तक धीमी आंच पर भूनिए, जब तक ये गोल्डन ब्राउन न हो जाए।

दूसरा स्टेप- इसके बाद आपको भुने हुए बेसन में 4 से 5 कप गुनगुना पानी धीरे-धीरे करके मिलाना है। अब टमाटर की प्यूरी, नमक, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर को भी मिक्स कर लीजिए।

तीसरा स्टेप- सभी चीजों को लगभग 10 से 12 मिनट के लिए पका लीजिए। अब इस मिक्सचर में आलू, सहजन और गाजर समेत दूसरी सब्जियों को मिलाकर, कड़ाही को ढक दीजिए जिससे सब्जियां नरम हो जाएं।

चौथा स्टेप- इसके बाद मिश्रण में तली हुई भिंडी और बैंगन को भी मिला लीजिए। थोड़ी देर तक सब्जियों को पकने दीजिए।

पांचवां स्टेप- सिंधी कढ़ी के स्वाद को बढ़ाने के लिए आप इस मिश्रण में इमली का पल्प और थोड़ा सा गुड़ भी मिला लीजिए।

छठा स्टेप- लगभग 2 मिनट तक सिंधी कढ़ी को बॉइल कर लीजिए। गार्निशिंग के लिए हरे धनिए का इस्तेमाल किया जा सकता है।

बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को सिंधी कढ़ी का टेस्ट काफी ज्यादा पसंद आएगा। सिंधी कढ़ी स्वाद में जितनी अच्छी लगती है, आपकी सेहत को भी उतना ही ज्यादा फायदा पहुंचा सकती है। आप रोटी या फिर चावल के साथ सिंधी कढ़ी का लुत्फ उठा सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल