1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पहली बार नहीं मारी पाकिस्तान ने पलटी, लंबी है कारनामों की फेहरिस्त

पहली बार नहीं मारी पाकिस्तान ने पलटी, लंबी है कारनामों की फेहरिस्त

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Feb 10, 2026 03:49 pm IST,  Updated : Feb 10, 2026 03:49 pm IST

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जो नाटक रचा था, कुछ ही घंटों में उसका पटाक्षेप हो गया। पाकिस्तान के लिए ये नाटक नया नहीं है, साथ ही उसकी मुंह की खाने की कहानी भी नई नहीं है।

pakistan cricket board chief mohsin naqvi- India TV Hindi
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी Image Source : PTI

पाकिस्तान ने आखिरकार एक बार फिर पलटी मारी है। इतने दिन से चीख चीख के इस बात का प्रचार किया जा रहा था कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी को होने वाला भारत बनाम पाकिस्तान मैच नहीं खेलेगी, लेकिन आईसीसी ने ऐसा डंडा चलाया कि पीसीबी के होश फाख्ता हो गए। इस बीच आपको बता दें कि ऐसा नहीं है कि पाकिस्तान ने पहली बार पलटी मारी है। इससे पहले भी हाल के दिनों में ऐसा हो चुका है। इसकी फेहरिस्त लंबी है, चलिए जरा इनमें से कुछ पर नजर डालते हैं। 

एशिया कप 2023 में भी पाकिस्तान ने की थी नौटंकी

बात शुरू करते हैं साल 2023 के एशिया कप से। उस साल पाकिस्तान बार बार ये कह रहा था कि टीम इंडिया को भारत आकर पाकिस्तान से मैच खेलना होगा, लेकिन बीसीसीआई ने उसकी एक नहीं सुनी। भारतीय टीम श्रीलंका जाती है और वहीं पर पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलती है। पाकिस्तान का राग अलापना बेकार गया। इसके बाद आता है साल 2023 का क्रिकेट वर्ल्ड कप। इसकी मेजबानी भारत के पास थी। पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट के पहले से ही ये कहना शुरू कर दिया था कि पाकिस्तानी टीम भारत नहीं जाएगी, टीम अपने मैच कहीं और खेलेगी। लेकिन बीसीसीआई और आईसीसी ने ऐसा डंडा किया ​कि पाकिस्तान को भारत आकर अपने मैच खेलने पड़े। 

चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया को पाकिस्तान बुलाना चाहता था पीसीबी, बीसीसीआई ने कर दिया मना

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी पाकिस्तान के पास थी। पाकिस्तान ने शुरू से ही कहना शुरू कर दिया था कि इस टूर्नामेंट के लिए तो टीम इंडिया को पाकिस्तान आना ही होगा। यहां तक कि पीसीबी ने तो भारत बनाम पाकिस्तान मैच के लिए वेन्यू भी तय कर दिए थे। लेकिन बीसीसीआई ने साफ कर दिया कि टीम इंडिया पाकिस्तान नहीं जाएगी मतलब नहीं जाएगी। भले ही पाकिस्तान के पास इसकी मे​जबानी क्यों ना हो। इसके बाद टीम इंडिया के सारे मैच दुबई में खेले गए। यहां तक कि पाकिस्तान को भी भारत से मैच खेलने के लिए दुबई जाना पड़ा। 

एशिया कप 2025 में भी पाकिस्तान ने किया था ड्रामा

इसके बाद ताजा उदाहरण एशिया कप 2025 का है। पाकिस्तान की ओर से ये मांग की जा रही थी कि उनके मैच से मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाया जाए। पाकिस्तान को एंडी पाइक्रॉफ्ट के कुछ काम पसंद नहीं आए थे। लेकिन आईसीसी ने उन्हें हटाने से मना कर दिया। इसके विरोध में मैच भी रद होने की कगार पर पहुंच गया था, लेकिन आखिरकार पीसीबी को झुकना पड़ा और एंडी पाइक्रॉफ्ट के रेफरी रहते ही मैच खेलना पड़ा। 

एक बार फिर पीसीबी को दांव पड़ा उल्टा, मुंह की खानी पड़ी

इसके बाद अब जो मामला हुआ है, वो तो आपको पता ही है। पाकिस्तान ने इतने दिन से इस तरह का माहौल बना रखा कि लगने लगा था कि भारत बनाम पाकिस्तान मैच नहीं होगा, लेकिन आईसीसी के अधिकारी जैसे ही पाकिस्तान पहुंचे और बातचीत का दौर शुरू हुआ, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की हवा खराब हो गई और कुछ ही घंटे में भारत बनाम पाकिस्तान मैच के बहिष्कार की घोषणा को वापस लेना पड़ा। रातोरात टीम को निर्देश दिया गया कि वे भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच के लिए मैदान में उतरे। 

यह भी पढ़ें 

IND vs PAK मैच पर संकट टलते ही BCCI का आया पहला रिएक्शन, ICC को लेकर कही ये बड़ी बात

UAE टीम में सब कुछ ठीक नहीं? T20 WC के बीच खिलाड़ी को घर भेजा, कप्तान बोले- भारत और पाकिस्तान का कोई भेद नहीं

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल