पटना: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार की रात राज्य के बड़े व्यवसायी गोपाल खेमका की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस हत्याकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस बीच पटना के बेऊर जेल में पुलिस की बड़ी टीम ने छापेमारी की है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने गोपाल खेमका हत्याकांड पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि मामले पर सख्त कार्रवाई होगी, वहीं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि दोषियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा, उनके घर में घुसकर मारेंगे।
डीजीपी का बड़ा खुलासा
बेऊर जेल में हुई छापेमारी ने इस हत्याकांड को और भी खतरनाक बना दिया है, क्योंकि पुलिस ने जेल के अंदर से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं और साथ ही अब यह पुष्टि हुई है कि खेमका हत्याकांड का कनेक्शन सीधे जेल के अंदर से जुड़ा है। बिहार के पुलिस महानिदेशक, डीजीपी विनय कुमार ने खुद बताया कि इस हत्याकांड की कई एंगल से जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि पटना और वैशाली पुलिस मिलकर इस केस पर काम कर रही हैं। डीजीपी के मुताबिक, हत्या की साजिश में कुछ ऐसे लोगों के हाथ होने की आशंका है जो पहले खेमका के बेटे की हत्या के आरोपी रह चुके हैं और अब बेल पर बाहर हैं।
सम्राट चौधरी का बड़ा बयान
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिन लोगों ने कानून हाथ में लिया है पुलिस उनके घर में घुसकर उन्हें मारेगी। जिस अधिकारी की लापरवाही के चलते ऐसी घटना घटी है उसे भी स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी गई है अगले 24 घंटे में उसके खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि न्याय देना सरकार का काम है और बिहार में कोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम नहीं है। कोई भी अपराधी किसी भी हालत में बचने वाला नहीं है इतना जरूर स्पष्ट है।