1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar News: "बिहार कैबिनेट में सभी मंत्री लाठी में तेल पिलाने वाले," केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का बयान

Bihar News: "बिहार कैबिनेट में सभी मंत्री लाठी में तेल पिलाने वाले," केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का बयान

 Published : Aug 16, 2022 08:44 pm IST,  Updated : Aug 17, 2022 06:26 am IST

Bihar News: केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने मंगलवार को बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मंत्रिपरिषद का विस्तार किए जाने के बाद राज्य की महागठबंधन सरकार पर निशाना साधा।

Union Minister Ashwini Choubey- India TV Hindi
Union Minister Ashwini Choubey Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का नीतीश कैबिनट पर कटाक्ष
  • नीतीश कुमार के नए मंत्रिपरिषद का आज हुआ विस्तार
  • तेज प्रताप को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग

Bihar News: केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने मंगलवार को बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मंत्रिपरिषद का विस्तार किए जाने के बाद राज्य की महागठबंधन सरकार पर निशाना साधा। अश्विनी चौबे ने आरोप लगाया कि बिहार कैबिनेट में शामिल किए गए सभी लाठी में तेल पिलाने वाले हैं। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन और उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री चौबे ने एक बयान में कहा, ‘‘सभी मंत्री बनने वाले तेल में लाठी पिलाने वाले लोग हैं। बिहार की जनता को जो डर था, वह हो रहा है। जब जड़ में ही भ्रष्टाचार है तो कैबिनेट में बाहुबली ही होंगे।’’ 

"बिहार में तेल पिलावन लाठी भजावन शुरू"

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने दावा किया कि जब से नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनी है तब से बिहार में लगातार कानून व्यवस्था बिगड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जिस तरह के चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल हैं, वे बाहुबली हैं। महागठबंधन को जनता से कोई लेना देना नहीं है। सत्ता सुख के लिए यह गठबंधन हुआ है। बिहार में तेल पिलावन लाठी भजावन शुरू हो गया है। महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। जनता सहम गई है।’’ मालूम हो कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 9 अगस्त को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से नाता तोड़ने के बाद अगले दिन राष्ट्रीय जनता दल और महागठबंधन के अन्य सहयोगियों के समर्थन से सरकार बना ली थी। नीतीश कुमार के नेतृत्व में गठित नयी सरकार में RJD नेता तेजस्वी यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। 

नीतीश ने नए मंत्रियों को मिले विभाग
नीतीश के दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार मंगलवार को हुआ। राजद नेता तेजप्रताप यादव और आलोक मेहता, जनता दल यूनाइटेड के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव और कांग्रेस नेता आफाक आलम सहित कुल 31 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। मुख्यमंत्री नीतीश ने सामान्य प्रशासन के साथ ही गृह विभाग अपने पास ही रखा है। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को स्वास्थ्य, पथ निर्माण, नगर विकास एवं आवास के साथ ही ग्रामीण विकास कार्य विभाग मिला है। वित्त और संसदीय कार्य विभाग विजय चौधरी को मिला है। वहीं तेज प्रताप यादव को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मिला है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।