1. Hindi News
  2. बिहार
  3. फोन पर बोली- 'मुझे मार देंगे', मायके वाले सुबह आए तो मिली लाश, सुपौल में तीन बच्चों की मां की संदिग्ध मौत; ससुराल वाले फरार

फोन पर बोली- 'मुझे मार देंगे', मायके वाले सुबह आए तो मिली लाश, सुपौल में तीन बच्चों की मां की संदिग्ध मौत; ससुराल वाले फरार

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Feb 14, 2026 03:01 pm IST,  Updated : Feb 14, 2026 03:05 pm IST

बिहार के सुपौल में तीन बच्चों की मां की संदिग्ध मौत हो गई। महिला के मौत के बाद ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हैं। महिला के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सुपौल में तीन बच्चों की मां की संदिग्ध मौत- India TV Hindi
सुपौल में तीन बच्चों की मां की संदिग्ध मौत Image Source : REPORTER

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के राम विशनपुर वार्ड 7 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है,जहां “मुझे मार देंगे…सुबह आना” कहकर मदद की गुहार लगाने वाली 35 वर्षीय विवाहिता की अगली सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली। तीन छोटे-छोटे बच्चों की मां की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। गले पर चोट के निशान और घटनास्थल से बरामद रस्सी-बेल्ट ने मामले को और गंभीर बना दिया है। जबकि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोगों के फरार होने से हत्या की आशंका गहरा गई है। 

तीन बच्चों की मां थी महिला

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सच्चाई सामने लाने की कोशिश कर रही है। मृतका की पहचान 35 वर्षीय कौशल्या देवी के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय नारायण मुखिया के पुत्र सुन्दर मुखिया की पत्नी थीं। करीब दस वर्ष पूर्व उनकी शादी देवीपुर कोरियापट्टी वार्ड 5 में हुई थी। उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां की अचानक मौत से तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम है।

ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

घटना ने तब नया मोड़ ले लिया जब मृतका के भाई शंकर मुखिया ने मृतका के पति,सास,जेठ समेत अन्य ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही उनकी बहन को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। शंकर के अनुसार घटना से एक रात पहले कौशल्या ने फोन पर कहा था,"ये लोग मुझे मार देंगे। बाद में उसने सुबह घर आने को भी कहा था।

परिजनों का आरोप है कि सुबह करीब छह बजे सूचना मिली कि कौशल्या की हत्या कर दी गई है। जब वे पहुंचे तो शव घर में पड़ा था। गले पर स्पष्ट निशान थे और बगल में रस्सी व बेल्ट पड़ी थी। यह भी आरोप है कि घटना के बाद अगरबत्ती जलाई गई थी और सभी ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही जिले की राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची। 

पुलिस कर रही है मामले की जांच

थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने दल-बल के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश है। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है,जो इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने लाएगी। 

रिपोर्ट- संत सरोज, सुपौल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।