1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. AIIMS: एम्स के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कर्मचारी नहीं कर सकेंगे मोबाइल फोन का इस्तेमाल, लगी रोक

AIIMS: एम्स के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कर्मचारी नहीं कर सकेंगे मोबाइल फोन का इस्तेमाल, लगी रोक

 Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 04, 2022 01:52 pm IST,  Updated : Oct 04, 2022 01:52 pm IST

AIIMS: एम्स के निदेशक डॉ एम श्रीनिवास की ओर से सोमवार को जारी किए गए कई आदेशों के अनुसार, प्रशासन ने संस्थान के भीतर मरीजों व तीमारदारों और अन्य सहायक कर्मचारियों के लिए ‘सीएसआर’ की मदद के जरिए 50 और बैटरी से चलने वाली बसें तैनात करने का फैसला भी किया है।

AIIMS- India TV Hindi
AIIMS Image Source : FILE

Highlights

  • रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कर्मचारी नहीं कर सकेंगे मोबाइल फोन का इस्तेमाल
  • मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक लगाने का आदेश जारी
  • ड्यूटी के दौरान ‘आउटसोर्स’ कर्मचारियों को अपने मोबाइल जमा कराने होंगे

AIIMS: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) के पंजीकरण काउंटर पर 16 अक्टूबर से ड्यूटी के दौरान ‘आउटसोर्स’ (अनुबंध पर रखे गए कर्मियों) कर्मचारियों द्वारा मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया कि कर्मचारियों के मोबाइल फोन के इस्तेमाल से सेवाओं में देरी होती है और मरीजों को परेशानी होती है। 

एम्स के निदेशक डॉ एम श्रीनिवास की ओर से सोमवार को जारी किए गए कई आदेशों के अनुसार, प्रशासन ने संस्थान के भीतर मरीजों व तीमारदारों और अन्य सहायक कर्मचारियों के लिए ‘सीएसआर’ की मदद के जरिए 50 और बैटरी से चलने वाली बसें तैनात करने का फैसला भी किया है। 

एक आदेशानुसार, 10 अक्टूबर से ‘सर्जिकल ब्लॉक’ की ओपीडी में आने वाले मरीज अब ‘सर्जिकल ब्लॉक’ में ही रजिस्ट्रेशन करवा पाएंगे। अभी उनका रजिस्ट्रेशन ‘न्यू आरएके ओपीडी’ में होता था, जिससे मरीजों व उनके तीमारदारों को परेशानी होती थी। 

एम्स ने बिना किसी पूर्व ‘अप्वाइंटमेंट’ के मरीजों को ‘स्लॉट’ (अलग-अलग समय) के आधार पर टोकन नंबर देने की प्रणाली शुरू करते हुए पहले ही नए ‘ओपीडी कार्ड’ के लिए 10 रुपये की शुल्क राशि लेना बंद कर दिया था। इस संबंध में 30 सितंबर को एक आदेश जारी किया गया था। 

‘सेफ बॉक्स’ में रखने होंगे अपने मोबाइल 

एम्स के निदेशक की ओर से सोमवार को जारी एक आदेशानुसार ओपीडी के रजिस्ट्रेशन काउंटर के कर्मचारियों को ड्यूटी शुरू होने से पहले प्रभारी द्वारा मुहैया कराए गए ‘सेफ बॉक्स’ में अपने मोबाइल रखने होंगे। आदेश में कहा गया कि ऐसा कई बार पाया गया कि ओपीडी के रजिस्ट्रेशन काउंटर के कर्मचारी मरीजों के कतारों में खड़े होने के बावजूद ड्यूटी पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे होते हैं। इससे सेवाओं में देरी होती है और मरीजों को परेशानी होती है। 

आदेश में कहा गया, 'इसलिए फैसला किया गया है कि ओपीडी के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर 16 अक्टूबर से ड्यूटी के दौरान ‘आउटसोर्स’ कर्मचारियों को अपने मोबाइल जमा कराने होंगे। इसके लिए प्रभारी उन्हें ‘सेफ बॉक्स’ देंगे, जिसमें कर्मचारी ड्यूटी शुरू होने से पहले अपने-अपने मोबाइल फोन रखेंगे।'

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।