1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 'AAP ने दिल्ली की हवा में जहर मिलाया, हम कम कर रहे', वायु प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन पर बोले पर्यावरण मंत्री

'AAP ने दिल्ली की हवा में जहर मिलाया, हम कम कर रहे', वायु प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन पर बोले पर्यावरण मंत्री

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 10, 2025 04:06 pm IST,  Updated : Nov 10, 2025 04:06 pm IST

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 10 साल तक दिल्ली की हवा में जहर मिलाया, उसे 6-7 महीने में कम नहीं किया जा सकता। दिल्ली सरकार लगातार प्रदूषण कम करने के लिए काम कर रही है।

india gate protest against air pollution- India TV Hindi
इंडिया गेट में वायु प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन Image Source : PTI

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने वायु प्रदूषण के लिए आम आदमी पार्टी की सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। दिल्ली के इंडिया गेट पर रविवार शाम कई लोगों ने खराब हवा के खिलाफ प्रदर्शन किया था। ये लोग सरकार ऐसी नीति बनाने की मांग कर रहे थे, जो दिल्ली का वायु प्रदूषण दूर करे। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इन लोगों को हिरासत में लेकर प्रदर्शन खत्म कर दिया। इसके बाद दिल्ली के पर्यावरण मंत्री ने कहा कि ये प्रदर्शन भी आम आदमी पार्टी के लोग करा रहे थे।

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए सरकार से नीतियां बनाने की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन पर, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "आप इस विरोध प्रदर्शन का आयोजन कर रही है, लेकिन ये वही लोग हैं, जो यहां 10 साल का प्रदूषण देकर गए हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि ये प्रदूषण किसने दिया? क्या ये अपने आप हुआ? नहीं। आप ने 10 सालों में सब कुछ तबाह कर दिया।"

10 साल की बीमारी 6-7 महीनों में ठीक नहीं हो सकती

आप पर निशाना साधते हुए सिरसा ने लिखा, "पिछले साल एक्यूआई 500-1000 था। उन्होंने हमें 10 साल की बीमारी दी। एक्यूआई हर साल बढ़ता रहा, लेकिन रेखा गुप्ता की सरकार आने के बाद, हम महीने दर महीने चीजों को साफ करने में सफल रहे हैं। हम कूड़े के ढेर हटा रहे हैं, दिल्ली की सभी ऊंची इमारतों पर एंटी-स्मॉग गन लगा रहे हैं, दिल्ली में धूल कम कर रहे हैं, इलेक्ट्रिक बसें लाई जा रही हैं। इसलिए, 10 साल की बीमारी 6-7 महीनों में ठीक नहीं हो सकती। हम दिल्ली की हवा में आप द्वारा छोड़े गए जहर को कम करने के लिए काम कर रहे हैं।"

संसद में वायु प्रदूषण का मुद्दा उठाएंगी स्वाति मालीवाल

राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने सोमवार को कहा कि वह संसद के शीतकालीन सत्र में दिल्ली में वायु प्रदूषण का मुद्दा उठाएंगी। उन्होंने इस मामले पर विशेषज्ञों और नागरिकों से सुझाव मांगे हैं। दिल्ली महिला आयोग की पूर्व प्रमुख मालीवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा कि हर साल सर्दियों में दिल्ली और उत्तर भारत ‘गैस चैंबर’ बन जाता है। यहां सांस लेना एक दिन में 20 से 25 सिगरेट पीने के बराबर है। हम सिर्फ खराब हवा सांस में नहीं ले रहे हैं, बल्कि ऐसा जहर अंदर खींच रहे हैं जो धीरे-धीरे हमारे फेफड़ों, दिल, दिमाग और यहां तक कि अजन्मे बच्चों तक में समा रहा है।’’

 

स्वाति मालीवाल ने लोगों से मांगे सुझाव

संसद के आगामी सत्र में यह मुद्दा उठाने की बात कहते हुए मालीवाल ने लोगों से सुझाव मांगे हैं। वीडियो के साथ उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा था, ‘‘यदि आप इस क्षेत्र के विशेषज्ञ हैं, डॉक्टर हैं, कार्यकर्ता हैं या चिंतित नागरिक हैं, तो आप अपने सुझाव मेरे साथ ‘लिविंगपोजिटिव एट द रेट ऑफ जीमेल डॉट कॉम’ पर साझा कर सकते हैं।’’ सांसद ने कहा कि वह अपनी सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड) निधि की मदद से दो पहलों को अमलीजामा पहनायेंगी। पहला, दिल्ली भर में सभी सरकारी वृद्धाश्रमों में ‘एयर प्यूरीफायर’ लगाना तथा दूसरा, धूल से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए चार यांत्रिक ‘मेकैनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों’ की खरीद। दिवाली के बाद से शहर पर धुंध की चादर छाई हुई है, जिससे वायु गुणवत्ता ‘खराब’ और ‘बेहद खराब’ श्रेणियों के बीच झूल रही है और कभी-कभी ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच जाती है।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली: बाथरूम में मिली युवती की लाश, करंट लगने से मौत होने की आशंका

जंतर मंतर पर शख्स ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, प्रदर्शन करने के लिए आया था दिल्ली

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।