Ravneet Singh Bittu Controversy: विपक्ष के नेता राहुल गांधी और BJP सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के बीच की नोंकझोंक पर विवाद बढ़ता जा रहा है। BJP के सिख नेताओं ने इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करके राहुल गांधी को घेरा है और उनपर सिख समुदाय का अपमान करने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी की तरफ से BJP सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के लिए 'गद्दार' शब्द के इस्तेमाल पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि राहुल गांधी ने रवनीत बिट्टू को 'गद्दार' कहा। ऐसे शब्द के प्रयोग को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए, क्योंकि गद्दार का मतलब देश के साथ विश्वासघात करने वाला होता है। यह सिख समुदाय के लिए एक गंभीर विषय है।
पार्टी छोड़ने पर कह रहे गद्दार- हरदीप सिंह पुरी
हरदीप सिंह पुरी ने आगे कहा, 'राहुल गांधी, रवनीत सिंह बिट्टू के कांग्रेस पार्टी छोड़ने से नाराज हैं, लेकिन उन्होंने बिट्टू से ये भी कहा कि आप वापस आओगे। सिर्फ इसलिए कि एक पगड़ी वाला शख्स आपकी पार्टी छोड़ देगा, तो आप उसको गद्दार कह दोगे। उन्होंने जिस शब्द का इस्तेमाल किया वह हमें स्वीकार नहीं है। किसी भी समुदाय के किसी भी शख्स को गद्दार कहना हमें अस्वीकार्य है। संसद में और बाहर दोनों जगह संसदीय चर्चा शालीनता और सभ्य भाषा से होनी चाहिए।'
सिखों के प्रति नफरत रखते हैं राहुल- सिरसा
वहीं, दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सिख मंत्री के खिलाफ राहुल गांधी ने जो टिप्पणी की वो निंदनीय है। कभी ये सिखों को आतंकी बताते हैं तो कभी देश को बांटने वाला। इन्होंने सिखों के गले में टायर डालकर आग लगाने का काम किया। देश में कोई गद्दार है तो वो गांधी परिवार है। ये वो पापी परिवार है, वो गद्दार है जिन्होंने अखबारों में इश्तहार देकर सिखों को आतंकी बताया था। ये सिखों के प्रति नफरत रखते हैं।
सिख समुदाय में आक्रोश और गुस्सा- लवली
इसके अलावा, अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि राहुल गांधी के बयान को लेकर सिख समुदाय में आक्रोश और गुस्सा है। जिस व्यक्ति के दादा ने अपने प्राण दे दिए देश के लिए वो ट्रेटर कैसे हो गया। ये पहला मौका नहीं है। वो सिखों की भावनाओं को हमेशा ठेस पहुंचाते रहे हैं। सिख समुदाय इन्हें माफ नहीं करेगा।
ये भी पढ़ें-
Exclusive: कोरियन गेम है कितना खतरनाक? कैसे बचाएं अपने बच्चों की जान, एक्सपर्ट ने क्या दी है सलाह