लखनऊ: बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने 500 और 1000 रुपये के नोट बंद करने के फैसले को सही ठहराते हुए आज देश की जनता को आश्वस्त किया कि वह 500 और 1000 रुपये के नोट बेखौफ होकर बैंक में डालें और ढाई लाख रुपये तक आयकर विभाग कोई पूछताछ नहीं करेगा।
(देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
शाह ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ''जो प्रामाणिक करदाता है, उसे तकलीफ नहीं होगी। पांच सौ और 1000 रूपये के नोट बेखौफ होकर दें। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि ढाई लाख रूपये बेखौफ होकर (बैंक में) डाल दीजिए। इसकी कोई आयकर पूछताछ नहीं होगी। हां, अगर ढाई लाख रूपये से ज्यादा रकम है तो निश्चित तौर पर हिसाब दें।''
नमक महंगा बिकने की अफवाहों और उससे मची अफरातफरी पर शाह ने कहा कि अफवाहें नहीं फैलनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने जो व्यवस्था की है, उससे तीन चार दिन में सब ठीक हो जाएगा और तीन दिन से जनता को जो दिक्कतें आ रही हैं, जल्द दूर होंगी। जनता को जो तकलीफ है, मालूम है। इसे कम करने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ दिन की तकलीफ से इस देश की अर्थव्यवस्था बदलेगी। हमने राजनीति को शुद्ध करने का प्रयास पवित्र मन से किया है। देश की जनता इसे अवश्य समझेगी।