1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. बढ़ेंगी कांग्रेस के दिक्कतें? ब्राह्मणों को लेकर भूपेश बघेल के पिता के बयान पर बवाल बढ़ा

बढ़ेंगी कांग्रेस के दिक्कतें? ब्राह्मणों को लेकर भूपेश बघेल के पिता के बयान पर बवाल बढ़ा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 06, 2021 02:19 pm IST,  Updated : Sep 06, 2021 06:17 pm IST

रायपुर पुलिस के अधिकारी ने बताया कि शिकायत में संगठन ने आरोप लगाया है कि हाल में मुख्यमंत्री के पिता ने ब्राह्मणों को विदेशी बताकर लोगों से उनका बहिष्कार करने की अपील की। उन्होंने कथित तौर पर लोगों से ब्राह्मणों को गांव में घुसने नहीं देने का भी आह्वान किया।

bhupesh bhagel father controversial statement over brahmins complaint in lucknow बढ़ेंगी कांग्रेस के- India TV Hindi
बढ़ेंगी कांग्रेस के दिक्कतें? ब्राह्मणों को लेकर भूपेश बघेल के पिता के बयान पर बवाल बढ़ा Image Source : PTI

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में अगले साल चुनाव है। चुनाव से पहले सभी दल ब्राह्मणों को रिझाने में लगे हैं लेकिन इस मामले में कांग्रेस पिछड़ती नजर आ रही है। दरअसल छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल द्वारा ब्राह्मणों को लेकर दिए विवादित बयान पर बवाल बढ़ता जा रहा है। आज लखनऊ के हजरंतगंज थाने में भाजपा के नेता अभिजात मिश्रा इस मामले को लेकर नंद कुमार बघेल के खिलाफ तहरीर दी। दरअसल भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल ने 30 अगस्त को लखनऊ आकर ब्राह्मणों से संबंधित विवादित बयान दिया था।

इससे पहले रायपुर में भी नंद कुमार बघेल के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। पिता की टिप्पणी से उत्पन्न विवाद के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि वह ऐसी टिप्पणी से दुखी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार में कानून से ऊपर कोई नहीं है और पुलिस मामले में उचित कार्रवाई करेगी। रायपुर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ‘सर्व ब्राह्मण समाज’ की शिकायत पर डीडी नगर थाने की पुलिस ने शनिवार देर रात 86 वर्षीय नंद कुमार बघेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। अधिकारी ने बताया कि नंद कुमार बघेल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा- 153ए (विभिन्न समूहों के बीच धर्म, जाति, जन्मस्थान, निवास और भाषा के आधार पर वैमनस्य पैदा करना) और धारा-505(1)(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

क्या बोले नंद कुमार बघेल

रायपुर पुलिस के अधिकारी ने बताया कि शिकायत में संगठन ने आरोप लगाया है कि हाल में मुख्यमंत्री के पिता ने ब्राह्मणों को विदेशी बताकर लोगों से उनका बहिष्कार करने की अपील की। उन्होंने कथित तौर पर लोगों से ब्राह्मणों को गांव में घुसने नहीं देने का भी आह्वान किया। अधिकारी ने शिकायत के हवाले से बताया कि नंद कुमार बघेल ने कथित तौर पर लोगों से अपील की कि वे ब्राह्मणों को देश से ‘निकालें।’ उन्होंने शिकायत के हवाले से बताया कि मुख्यमंत्री के पिता ने पहले भी भगवान राम के बारे में कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। अधिकारी ने बताया कि संगठन ने अपनी शिकायत में कहा कि मुख्यमंत्री के पिता की कथित टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया मंचों पर उपलब्ध है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत