1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेशः जनसुनवाई में दुल्हा-दुल्हन की भेष में पहुंचे शिकायतकर्ता, वजह जानेंगे तो आप भी कहेंगे ठीक किया

मध्य प्रदेशः जनसुनवाई में दुल्हा-दुल्हन की भेष में पहुंचे शिकायतकर्ता, वजह जानेंगे तो आप भी कहेंगे ठीक किया

 Published : Jan 30, 2024 08:05 pm IST,  Updated : Jan 30, 2024 08:21 pm IST

मध्य प्रदेश में एक सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए पति-पत्नी दुल्हा-दुल्हन की भेष में जनसुनवाई में पहुंचे। आरोप है कि उनकी मांगे अधिकारी नहीं मान रहे हैं।

जनसुनवाई में दुल्हा-दुल्हन की भेष में शिकायतकर्ता- India TV Hindi
जनसुनवाई में दुल्हा-दुल्हन की भेष में शिकायतकर्ता Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में कलेक्टर दफ्तर में आयोजित जनसुनवाई में उस समय सभी अफसर हैरान रह गए जब एक पति-पत्नी दुल्हा दुल्हन के पोशाक में शिकायत करने पहुंचे। कपल की मांग मुख्यमंत्री निकाह योजना के तहत मिलने वाले अनुदान राशि को लेकर थी। अधिकारियों ने शिकायत को गंभीरता से सुना और उनकी मांगों पर विचार करने का भरोसा दिया है।

जून 2023 में हुई थी शादी

मिली जानकारी के अनुसार, नागझिरी वार्ड में रहने वाले गरीब परिवार की बेटी का निकाह 21 जून 2023 को  मुख्यमंत्री निकाह योजना के तहत खकनार में आयोजित सम्मेलन में हुआ था लेकिन जब गरीब परिवार योजना के तहत मिलने वाली राशि पाने के लिए पहुंचे तो अफसरों ने दुल्हे को  अपात्र कहकर राशि देने से इनकार कर दिया। इससे परेशान परिवार ने शिकायत के लिए दुल्हा-दुल्हन के जोड़े में शिकायत करने का फैसला किया। 

एडीएम ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया

पीड़ित परिवार ने जनसुनवाई के माध्यम से मुख्यमंत्री मोहन यादव से अनुदान राशि भुगतान करने की मांग की। एडीएम वीर सिंह चौहान ने आवेदन की जांच कराकर उचित कार्यवाई करने का भरोसा दिया है। 

कर्ज लेकर पिता ने करवाया था निकाह

दुल्हन यास्मीन ने बताया कि पिता ने कर्ज लेकर निकाह कराया था। दुल्हन के पिता रफीक उल्ला निवासी नागझिरी ने कहा कि बेटी का निकाह नईमुद्दीन निवासी नागझिरी से पिछले साल जून में हुआ था। उस दिन विवाह समारोह में 441 जोड़ों की शादी हुई थी। सभी को योजना की राशि मिल गई, लेकिन हमें अभी तक इसका लाभ नहीं मिला है। 

उम्र कम होने का हवाला देते हैं अधिकारी

अधिकारियों का कहना है कि शादी के समय दूल्हे की उम्र 21 साल से 2 महीने कम थी। जबकि नगर निगम से सारे दस्तावेज जांचने के बाद ही विवाह समारोह में शादी कराई जाती है। मामले में अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान ने निराकरण का आश्वासन दिया है।

रिपोर्ट-शारिक अख्तर दुररानी, बुरहानपुर  

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।