1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ऑक्सीजन की कमी से कोरोना मरीजों की मौत गंभीर मामला है: संजय राउत

ऑक्सीजन की कमी से कोरोना मरीजों की मौत गंभीर मामला है: संजय राउत

 Written By: Bhasha
 Published : May 12, 2021 08:09 pm IST,  Updated : May 12, 2021 08:09 pm IST

शिवसेना नेता संजय राउत ने देश में चिकित्सीय ऑक्सीजन की कमी के कारण हो रही कोविड-19 मरीजों की मौत पर बुधवार को चिंता जताई।

ऑक्सीजन की कमी से कोरोना मरीजों की मौत गंभीर मामला है: संजय राउत- India TV Hindi
ऑक्सीजन की कमी से कोरोना मरीजों की मौत गंभीर मामला है: संजय राउत Image Source : PTI

मुंबई: शिवसेना नेता संजय राउत ने देश में चिकित्सीय ऑक्सीजन की कमी के कारण हो रही कोविड-19 मरीजों की मौत पर बुधवार को चिंता जताई। राउत ने संवाददाताओं से यहां कहा, “सभी मुख्यमंत्रियों को एक दूसरे के संपर्क में रहने की जरूरत है। महामारी को हराने के लिये आइए एक दूसरे की मदद करें। राज्यों में कोविड-19 संबंधी तथ्यों को मत छिपाइए।” 

राउत ने यह भी कहा कि नदी में शवों के मिलने की घटना खौफनाक है। खबरों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गंगा नदी में अब तक 50 से ज्यादा शव मिल चुके हैं। उन्होंने कहा, “देश के विभिन्न हिस्सों में ऑक्सीजन की अनुपलब्धता के कारण लोगों की मौत एक गंभीर मामला है। महाराष्ट्र में भी ऑक्सीजन की कमी थी लेकिन प्रदेश सरकार ने स्थिति को अच्छे से संभाला।” 

राउत ने कहा कि राज्यों को ऑक्सीजन के वैज्ञानिक आवंटन का तरीका तैयार करने के लिये उच्चतम न्यायालय द्वारा गठित राष्ट्रीय कार्यबल के समक्ष बड़ी जिम्मेदारी है। शिवसेना नेता ने कहा कि पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में हाल में कुछ राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को मिली हार पर वास्तविक चिंता जाहिर की गई है। 

उन्होंने कहा, “हमने स्वाभाविक चिंता जाहिर की थी कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय दल है और उसे हार का सामना करना पड़ा खासकर केरल और असम में जहां उसके पास निवर्तमान सरकारों को हराने का मौका था। यहां तक कि सोनिया गांधी ने भी अपने सीडब्ल्यूसी संबोधन में इन्हीं बिंदुओं को रेखांकित किया।”

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।