1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. मणिपुर
  4. हिंसाग्रस्त मणिपुर में लोग खुद ही अधिकारियों को सौंप रहे हथियार और कारतूस, जानिए क्यों

हिंसाग्रस्त मणिपुर में लोग खुद ही अधिकारियों को सौंप रहे हथियार और कारतूस, जानिए क्यों

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 04, 2025 12:36 pm IST,  Updated : Mar 04, 2025 12:36 pm IST

हिंसाग्रस्त मणिपुर के लोग स्वेच्छा से हथियार एवं कारतूस अधिकारियों के पास जमा करवा रहे हैं। चूड़ाचांदपुर, थौबल, इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट और बिष्णुपुर जिलों में लोगों ने हथियार जमा कराए।

लोगों द्वारा सौंपे गए हथियार- India TV Hindi
लोगों द्वारा सौंपे गए हथियार Image Source : PTI

मणिपुर में जारी जातीय संघर्ष के बीच हिंसा से प्रभावित पांच जिलों में लोगों ने स्वेच्छा से कुल 33 हथियार और कारतूस अधिकारियों के पास जमा कराए हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी और बताया कि हथियार जमा करने की प्रक्रिया को लेकर मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने हाल ही में इसके लिए समयसीमा बढ़ाने की घोषणा की थी।

राज्यपाल ने की थी अपील

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, चूड़ाचांदपुर, थौबल, इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट और बिष्णुपुर जिलों के निवासियों ने स्वेच्छा से ये हथियार जमा किए। इस पहल को लेकर राज्यपाल ने 20 फरवरी को मणिपुर के लोगों से अपील की थी, जिसमें उन्होंने लूटे गए और अवैध हथियारों को सात दिनों के अंदर स्वेच्छा से जमा करने का आग्रह किया था। राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने यह भी आश्वासन दिया था कि इस अवधि के दौरान जो लोग हथियार जमा करेंगे, उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।

समयसीमा को बढ़ाया गया

हालांकि, यह समयसीमा अब बढ़ा दी गई है। राज्यपाल ने 6 मार्च शाम 4:00 बजे तक हथियार जमा करने की समयसीमा को बढ़ा दिया है। यह कदम पर्वतीय और घाटी दोनों क्षेत्रों के निवासियों की मांग के बाद उठाया गया है। मुख्य सचिव पी.के. सिंह ने भी यह साफ किया कि अगर कोई व्यक्ति स्वेच्छा से हथियार जमा करना चाहता है तो वह इसे निर्धारित समय के भीतर कर सकता है, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बाद सेना अवैध रूप से रखे गए हथियारों को बरामद करने के लिए कार्रवाई करेगी।

बता दें कि मणिपुर में मई 2023 से जातीय हिंसा जारी है, जिसमें मेइती समुदाय और कुकी समूहों के बीच संघर्ष के कारण अब तक 250 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और हजारों लोग विस्थापित हो गए हैं। इस हिंसा के कारण मणिपुर में माहौल तनावपूर्ण है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

पहले चचेरे भाई के साथ करवाई अश्लील हरकत, फिर चाकू की नोक पर युवती के साथ बारी-बारी से किया रेप

VIDEO: युवक की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने दो ट्रक फूंके, शव उठाने आई पुलिस पर भी किया पथराव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Manipur से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट