1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. मंत्री ने विधानसभा में इंदिरा गांधी को बोला 'दादी', विपक्ष बोला- 'यह क्या बकवास...', तभी शुरू हो गया हंगामा-VIDEO

मंत्री ने विधानसभा में इंदिरा गांधी को बोला 'दादी', विपक्ष बोला- 'यह क्या बकवास...', तभी शुरू हो गया हंगामा-VIDEO

 Reported By: Manish Bhattacharya Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Feb 21, 2025 02:10 pm IST,  Updated : Feb 21, 2025 02:16 pm IST

राजस्थान विधानसभा में मंत्री अविनाश गहलोत ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को सदन के अंदर दादी बोल दिया। इसी बात से नाराज होकर विपक्ष के नेता सदन के अंदर हंगामा करने लगे। इसका वीडियो भी सामने आया है।

मंत्री अविनाश गहलोत- India TV Hindi
मंत्री अविनाश गहलोत Image Source : INDIA TV

राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को लेकर की गई एक टिप्पणी पर जमकर हंगामा हुआ। राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने एक सवाल के जवाब में कहा, 'पिछले बजट में 2023-24 में आपने (कांग्रेस सरकार) हर बार की तरह अपनी दादी इंदिरा गांधी के नाम पर इस योजना का नाम रखा था।'

इंदिरा गांधी देश की प्रधानमंत्री रहीं- विपक्ष 

मंत्री अविनाश गललोत के ये कहने पर विपक्ष भड़क उठा। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मंत्री अविनाश गहलोत की टिप्पणी का कड़ा विरोध करते हुए कहा, 'यह क्या बकवास है? इंदिरा गांधी देश की प्रधानमंत्री रही हैं। उनके लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है।'

जोगाराम पटेल बोले- दादी एक सम्मानजनक शब्द

विधानसभा के अंदर मामला इतना बिगड़ गया कि कांग्रेस के विधायक सदन के वैल में आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि 'दादी' एक सम्मानजनक शब्द है, लेकिन तब तक विधायक स्पीकर की टेबल तक पहुंच चुके थे। 

सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित

विधानसभा के अंदर सत्ता और विपक्ष के बीच बढ़ते हंगामे को देखते हुए स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को 30 मिनट के लिए स्थगित कर दिया। सदन की कार्यवाही शुरू होने पर भी हंगामा जारी रहा तो सभापति ने 2 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।