1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट में भारत 216 रन पर सिमटा, शुभमन ने बनाए 83 रन

न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट में भारत 216 रन पर सिमटा, शुभमन ने बनाए 83 रन

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 30, 2020 01:01 pm IST,  Updated : Jan 30, 2020 01:01 pm IST

शुभमन गिल की 83 रन की पारी के बावजूद भारत ए गुरुवार को यहां न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन 216 रन पर सिमट गया जिससे मेजबान टीम ने अपना पलड़ा भारी रखा।

न्यूजीलैंड ए के खिलाफ...- India TV Hindi
न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट में भारत 216 रन पर सिमटा, शुभमन ने बनाए 83 रन  Image Source : GETTY IMAGES

क्राइस्टचर्च। शुभमन गिल की 83 रन की पारी के बावजूद भारत ए गुरुवार को यहां न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन 216 रन पर सिमट गया जिससे मेजबान टीम ने अपना पलड़ा भारी रखा। न्यूजीलैंड ए ने इसके जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट पर 105 रन बनाए। मेजबान टीम अब सिर्फ 111 रन से पीछे है जबकि उसके आठ विकेट शेष हैं।

न्यूजीलैंड ए के कप्तान हामिश रदरफोर्ड ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और हेगले ओवल में भारत ए ने 17वें ओवर तक 34 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। भारतीय टेस्ट टीम के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। बीस साल के गिल को इसके बाद कप्तान हनुमा विहारी (51) के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 119 रन जोड़कर पारी को संभाला।

गिल ने स्वच्छंद होकर बल्लेबाजी की और कई आकर्षक शाट खेले। आफ स्पिनर कोल मैकोची (33 रन पर तीन विकेट) ने विहारी को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। विहारी ने मैकोची पर स्वीप शाट खेला लेकिन गेंद सिली मिड आन पर खड़े रचिन रविंद्र के पैर से टकराकर हवा में उछल गई और विकेटकीपर डेन क्लीवर ने आसान कैच लपका। विहारी ने 79 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके मारे।

माइकल रे (54 रन पर चार विकेट) ने इसके बाद गिल को भी पवेलियन की राह दिखाकर भारत ए का स्कोर पांच विकेट पर 183 रन किया। दायें हाथ के इस बल्लेबाज ने 83 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके और दो छक्के मारे। इसके बाद भारतीय पारी को सिमटने में अधिक समय नहीं लगा। न्यूजीलैंड ए ने दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान रदरफोर्ड (28) और रविंद्र (47) के विकेट गंवाकर दो विकेट पर 105 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज विल यंग 26 जबकि अयाज पटेल एक रन बनाकर खेल रहे हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल