ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार से यू-टर्न लेने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी का बयान अब नई बहस को जन्म दे रहा है। पाकिस्तान ने 9 फरवरी को भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने पर सहमति जताई, लेकिन आधिकारिक पुष्टि से कुछ मिनट पहले नकवी ने दावा किया कि पाकिस्तान ने यह रुख अपने फायदे के लिए नहीं बल्कि बांग्लादेश के समर्थन में अपनाया था। मोहसिन नकवी ने कहा कि पाकिस्तान ने ICC से अपने लिए कोई मांग नहीं रखी और उनकी पूरी कोशिश सिर्फ बांग्लादेश के हित में थी। गौरतलब है कि इससे पहले बांग्लादेश को भारत में खेलने से इनकार करने के चलते टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था, जिसमें सुरक्षा कारणों का हवाला दिया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि पाकिस्तान ने ICC के साथ बैठक में भारत के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज दोबारा शुरू करने की मांग रखी थी। इतना ही नहीं, रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान ने भारत-पाकिस्तान-बांग्लादेश के बीच त्रिकोणीय सीरीज कराने का प्रस्ताव भी दिया था, लेकिन ICC ने इन दोनों मांगों को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि यह उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इसके बावजूद मोहसिन नकवी ने सार्वजनिक रूप से कहा कि पाकिस्तान ने अपने लिए कुछ भी नहीं मांगा।
भारत के खिलाफ मैच पर फैसला होने से ठीक पहले नकवी और एक रिपोर्टर के बीच हुई बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि नकवी रिपोर्टर से कह रहे हैं कि बस अब थोड़ी देर में फैसला हो जाएगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या अच्छी खबर आ रही है, तो उन्होंने जवाब दिया- हम तो हर वक्त अच्छी खबर ही देते हैं।
बांग्लादेश की भूमिका पर बोलते हुए नकवी ने कहा कि आपने बांग्लादेश का बयान देखा होगा। उन्होंने पाकिस्तान से मैच खेलने की अपील की है। जाहिर है, उनका पूरा मामला सुलझ चुका है, तभी उन्होंने यह अनुरोध किया है। जब रिपोर्टर ने पूछा कि क्या पाकिस्तान ने अपनी कोई बात मनवाई, तो नकवी का साफ जवाब था- हमने बांग्लादेश के लिए स्टैंड लिया था। वही मामला था। हमने अपने लिए कुछ नहीं किया।
पाकिस्तान के यू-टर्न के बाद यह तय हो गया है कि भारत और पाकिस्तान रविवार यानी 15 फरवरी को T20 वर्ल्ड कप 2026 में आमने-सामने होंगे। यह दोनों टीमों की एशिया कप फाइनल के बाद पहली भिड़ंत होगी, जहां दोनों देशों के बीच तीन मुकाबले खेले गए थे, जिनमें फाइनल समेत सभी मैच भारत ने जीते थे।उन मुकाबलों के दौरान मैदान पर कई बार माहौल गर्म हो गया था और खिलाड़ियों के बीच तनातनी भी देखने को मिली थी। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि कोलंबो में होने वाला महामुकाबला हाई-वोल्टेज रहने वाला है।
संपादक की पसंद