1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. CPM-BJP पर CM ममता बनर्जी हुईं हमलावर, कहा- 'राम-वाम' एक हो गए, माकपा ने किया पलटवार

CPM-BJP पर CM ममता बनर्जी हुईं हमलावर, कहा- 'राम-वाम' एक हो गए, माकपा ने किया पलटवार

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jan 03, 2023 08:13 am IST,  Updated : Jan 03, 2023 08:20 am IST

ममता बनर्जी ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा आज इतिहास, भूगोल, राजनीति को भुलाया जा रहा है। शिक्षा और संस्कृति को बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में एकता चाहती हूं।

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी- India TV Hindi
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी Image Source : FILE PHOTO

West Bengal: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस साल होने वाले पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए सोमवार को टीएमसी के नए अभियान 'दीदिर सुरक्षा कवच' की शुरुआत की। इस दौरान ममता ने बीजेपी और सीपीएम पर तीखा प्रहार किया। ममता बनर्जी ने कहा कि अब 'राम-वाम' (बीजेपी-लेफ्ट) एक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी की विचारधारा आपको अकेलापन महसूस कराती है, लोगों में फर्क करती है।

ममता बनर्जी ने कहा, "सीपीएम और बीजेपी एक ही टीम के हैं। बीजेपी की विचारधारा आत्मकेंद्रित होना है। संविधान का पालन करना हमारी मजबूरी है, लेकिन आज इतिहास, भूगोल, राजनीति को भुलाया जा रहा है। शिक्षा और संस्कृति को बदला जा रहा है।" उन्होंने कहा, "देश में एकता चाहती हूं। संघीय ढांचे को मजबूत करना चाहती हूं। पूरे भारत में अभूतपूर्व रूप से टीएमसी सरकार के खिलाफ अफवाहें फैलाई जा रही हैं।" ममता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि आपको विनम्रता के साथ लोगों की बात सुननी होगी। 

'दीदिर सुरक्षा कवच' अभियान शुरू 

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी की मौजूदगी में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने अभियान 'दीदिर सुरक्षा कवच' शुरू किया। ममता बनर्जी ने कहा, "लगभग साढ़े तीन लाख पार्टी कार्यकर्ता राज्य के लगभग 10 करोड़ लोगों के बीच पहुंचेंगे। राज्य सरकार का 'दुआरे सरकार' अभियान जारी रहेगा।" 

लोगों को भ्रमित करने की चाल है: माकपा

वहीं, माकपा ने सीएम ममता बनर्जी के 'राम-वाम' के राज्य में एक साथ आने के दावे को खारिज करते हुए सोमवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ऐसे आरोप लगाकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रही हैं। माकपा केंद्रीय समिति के सदस्य सुजान चक्रवर्ती ने दावा किया कि राजनीतिक रूप से बीजेपी की मदद करने के लिए ममता बनर्जी ने भगवा पार्टी और वाम दलों के बीच गुप्त समझौता होने की टिप्पणी की। चक्रवर्ती ने कहा, "यह कुछ नहीं, बल्कि लोगों को भ्रमित करने की चाल है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।