1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ये है पाकिस्तान के कराची शहर का हाल, मस्जिद के पास स्क्रीन पर चला अश्लील वीडियो; मचा बवाल

ये है पाकिस्तान के कराची शहर का हाल, मस्जिद के पास स्क्रीन पर चला अश्लील वीडियो; मचा बवाल

 Published : Feb 06, 2026 01:57 pm IST,  Updated : Feb 06, 2026 01:57 pm IST

पाकिस्तान के कराची शहर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कराची में सड़कों पर लगे डिजिटल स्क्रीन पर अश्लील वीडियो चलने से बवाल मच गया है। पुलिस ने मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया है।

Pakistan Karachi Obscene Video On Digital Screens (Representational Image)- India TV Hindi
Pakistan Karachi Obscene Video On Digital Screens (Representational Image) Image Source : AP

Pakistan Karachi Obscene Video On Digital Screens: पाकिस्तान के सबसे बड़े और आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले कराची शहर से शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कराची का पॉश एरिया माने जाने वाले डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (DHA) इलाके में सड़क किनारे लगे डिजिटल विज्ञापन बोर्डों पर अचानक अश्लील वीडियो चलने लगा। मामला बुधवार शाम को हुआ जिसके बाद घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद कराची शहर प्रशासन नींद से जागा और मामले में कार्रवाई शुरू की।

पूरी घटना के बारे में जानें

डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी के व्यस्त इलाके खायबान-ए-इत्तेहाद पर आयशा मस्जिद के पास एक निजी कंपनी की ओर से संचालित डिजिटल स्क्रीन पर अश्लील वीडियो कुछ देर के लिए चले। कुछ रिपोर्टों में अब्दुल सत्तार एवेन्यू का भी जिक्र किया गया है। स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने डिजिटल स्क्रीन पर चल रहे वीडियो को देखा। इसके बाद सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किए जाने लगे, जिससे मामला तेजी से फैल गया। लोगों में आक्रोश था क्योंकि यह पॉश इलाका है, जहां परिवार और बच्चे भी आते-जाते हैं।

'बाहरी हैकिंग नहीं थी'

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस और अधिकारियों ने मामले पर तुरंत प्रतिक्रिया दी। कराची साउथ डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) सैयद असद रजा ने जांच शुरू होने बात कही। उन्होंने कहा कि शुरुआत में संदेह था कि स्क्रीन को वाई-फाई के जरिए हैक किया गया होगा या कोई बाहरी साइबर हमला हुआ हो। कुछ रिपोर्टों में नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) की जांच का भी जिक्र आया, जहां हैकर्स को किसी राजनीतिक पार्टी से जोड़ने की अटकलें लगाई गईं। हालांकि, बाद में जांच से पता चला कि यह कोई बाहरी हैकिंग नहीं थी।

'जानबूझकर की गई हरकत'

5 फरवरी को घटना के एक दिन बाद गिजरी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। यह मामला पाकिस्तान पीनल कोड (PPC) की धारा 292 के तहत दर्ज हुआ जिसके तहत अश्लील सामग्री की बिक्री, वितरण, सार्वजनिक प्रदर्शन या प्रसार पर प्रतिबंध है। शिकायतकर्ता (कंपनी के प्रतिनिधि) ने आरोप लगाया कि कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने जानबूझकर यह हरकत की, ताकि कंपनी को बदनाम किया जा सके। FIR में कहा गया कि कंपनी को पूरा संदेह है कि कर्मचारियों ने इसे कंपनी की छवि खराब करने के लिए किया। कंपनी के मालिक और डायरेक्टर ने कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कर्मचारी ने मानी गलती

मामले में पुलिस ने एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने कंपनी से भेजे गए वीडियो अपने मोबाइल से स्क्रीन पर कनेक्ट करके चलाए थे, लेकिन गलती से उसके फोन में पहले से मौजूद 2 मिनट का अश्लील वीडियो भी अपलोड हो गया। कंपनी और पुलिस इसे गंभीर कृत्य मान रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एहतियात के तौर पर DHA की प्रमुख सड़कों के अलावा शाहराह-ए-फैसल और करसाज रोड पर लगी अन्य डिजिटल स्क्रीन्स को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। यह कदम सार्वजनिक असुविधा और आगे किसी घटना को रोकने के लिए उठाया गया है।

लापरवाही या साजिश?

वैसे देखा जाए तो इस तरह की घटना कराची जैसे बड़े शहर में डिजिटल विज्ञापन प्रणाली की सुरक्षा पर सवाल उठाती है। क्या यह सिर्फ एक कर्मचारी की लापरवाही थी या कंपनी के अंदर कोई साजिश? जांच जारी है और आगे क्या खुलासा होता है, यह देखना बाकी है। ऐसे मामलों में अक्सर सोशल मीडिया की भूमिका बड़ी होती है। वायरल वीडियो के कारण ही पुलिस को तुरंत एक्शन लेना पड़ा और लोगों ने पाकिस्तान की डिजिटल तरक्की को देखा।

यह भी पढ़ें:

भारत के लिए खाड़ी देश बनेंगे बड़े बाजार? 6 मुल्कों के साथ मेगा ट्रेड डील पर जारी है बातचीत

'ईरान तुरंत छोड़ें', अमेरिका ने जारी की अर्जेंट चेतावनी; तेहरान पर किसी भी वक्त हो सकता है हमला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश