बिहार में चुनावों के नतीजे सामने आ गए हैं। यहां एनडीए को भारी बहुमत मिला है। इसमें बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। आइये जानते हैं बिहार चुनाव से जुड़ी पल पल की अपडेट।
बिहार चुनाव में एनडीए को मिली जीत। Image Source : PTI
बिहार में दो चरणों के चुनाव के बाद अब शुक्रवार को मतगणना भी हो गई, जिसके बाद नतीजे सामने आ गए। बिहार में एनडीए को 202 सीटों पर जीत मिली है। इसमें बीजेपी 89 सीटों पर जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं महागठबंधन 34 सीटों पर ही जीत हासिल कर सकी। आइये चुनाव से जुड़ी हर अपडेट यहां देखें...
Bihar Election Live
Auto Refresh
Refresh
2:53 PM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
नीतीश कुमार ही CM होंगे: चिराग पासवान
चिराग पासवान ने कहा, "CM के नाम के लिए विधायक दल की बैठक होगी। वहां मुख्यमंत्री चुना जाएगा। मेरा ये मानना हैं नीतीश कुमार ही CM होंगे।"
2:11 PM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
सुशासन पर बिहार का भरोसा: देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बिहार में NDA की जीत पर कहा, "प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार के सुशासन पर बिहार का भरोसा इस जीत का कारण है। NDA गठबंधन, जिसमें चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं, बहुत मजबूत रहा है। यह मोदी पैटर्न है, यह नीतीश पैटर्न है।"
1:38 PM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
लगातार मूल्यांकन करते रहेंगे: मनोज झा
राजद सांसद मनोज झा ने कहा, "मैं NDA के सदस्यों को बहुत शुभकामनाएं देता हूं। बिहार की बेहतरी के लिए कुछ ब्लू प्रिंट तेजस्वी यादव ने रखा था-पलायन, नौकरी, उन्हें उस पर काम करना चाहिए। हमारी विधानसभा में जो भी संख्या है, हम उसके आधार पर लगातार मूल्यांकन करते रहेंगे। जब किसी गठबंधन को इतना बड़ा जनादेश मिलता है, तो विपक्ष बाहर भी होता है और जनादेश में भी एक विपक्ष की संभावना रहती है।" उन्होंने आगे कहा, " इस तरह के चुनाव के नतीजे चुनाव का आभास नहीं देते हैं। यह चुनाव जैसा नहीं लगा। इसका त्वरित मूल्यांकन नहीं होना चाहिए। हम क्या यह बिसरा दें कि बिहारी युवा को रोजगार नहीं चाहिए, महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा नहीं चाहिए, बिहार को पलायन से मुक्ति नहीं चाहिए, यह ज्वलंत मुद्दे रहेंगे।"
12:45 PM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
BJP ने कई नेताओं को भेजा नोटिस, मांगा जवाब
आरा से पूर्व सांसद आर के सिंह, बिहार विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल और कटिहार की मेयर उषा अग्रवाल को बीजेपी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए नोटिस दिया है। पार्टी ने एक हफ्ते में इन सभी नेताओं से जवाब मांगा है।
12:16 PM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
आश्चर्यजनक परिणाम आए: RJD नेता मृत्युंजय तिवारी
RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने बिहार में NDA की जीत पर कहा, "यह आश्चर्यजनक परिणाम आए हैं। इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। किसी भी एग्जिट पोल में भी इस तरह का परिणाम नहीं दिखाया गया था। ऐसा क्यों हुआ, किन कारणों से हुआ, किस वजह से इस तरह के परिणाम आए, पार्टी का नेतृत्व इसपर समीक्षा करेगा और कारणों का पता लगाएगा। इस तरह के परिणाम क्यों आए, इससे सब लोग अचंभित हैं।"
11:55 AM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
5 सालों में बदल जाएगी बिहार की दशा और दिशा: जीतन राम मांझी
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, "हम पलायन की समस्या को समझते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने निवेशकों को आमंत्रित किया है ताकि बिहार में युवाओं को रोजगार मिल सके और उन्हें बाहर ना जाना पड़े। इतना बड़ा जनादेश मिला है और प्रधानमंत्री मोदी-नीतीश कुमार ने इसे जिम्मेदारी के रूप में लिया है। बिहार के लिए अच्छे दिन आए हैं और बिहार का भविष्य उज्जवल है। आने वाले 5 सालों में बिहार की दिशा और दशा दोनों बदल जाएगी।"
10:53 AM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
5 साल में पूरे करेंगे वादे: संजय झा
JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा, "हमें बहुत बड़ा जनादेश मिला है, पूरा NDA, JDU इसे विनम्रता से स्वीकार करता है। पूरे NDA ने जो घोषणापत्र जारी किया था और जो वादे किए थे, उन्हें हम अगले 5 वर्षों में पूरा करेंगे। ये बिहार के लिए एक पल है, ये बिहार के गौरव को पुनर्स्थापित करने का पल है। नीतीश कुमार ने 20 वर्षों में नींव रखी है और अगले 5 वर्षों में इसमें बड़ी छलांग लगेगी और बिहार शीर्ष 10 राज्यों में खड़ा होगा।"
10:10 AM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
राहुल गांधी को अपनी अंतरात्मा में झांकना चाहिए: दिलीप जायसवाल
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "राहुल गांधी को अपनी अंतरात्मा में झांकना चाहिए। यह देश उन लोगों को कभी स्वीकार नहीं करेगा जो राष्ट्र के लिए नहीं बोलते हैं, राहुल गांधी अभी परिपक्व नहीं हुए हैं, उनकी बातों में कोई गंभीरता नहीं है। अगर बिहार चुनाव में विपक्ष की नाव डूबी है, तो इसमें राहुल गांधी एक कारक हैं।"
9:45 AM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
झूठे वादों को स्वीकार नहीं करेगी जनता: गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बिहार में NDA की जीत पर कहा, "भाजपा और NDA ने अपनी सामूहिक संगठनात्मक शक्ति का उपयोग करके चुनाव लड़ा है। बिहार में मुख्य मुद्दा जंगलराज बनाम विकास रहा है। जब जनता को इनमें से एक चुनना था, तो उसने NDA को भारी बहुमत दिया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि देश में अगर चुनावों में कोई मुद्दा होगा, तो वह विकास ही होगा। बिहार चुनाव ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता अब झूठे वादों को स्वीकार नहीं करेगी।"
9:22 AM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
भड़काऊ राजनीति करते हैं राहुल गांधी: चिराग पासवान
बिहार चुनाव में एनडीए की जीत पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "कल उन्होंने कहा कि भारत में नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसा माहौल बनाया जाएगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी बार-बार कहते हैं कि जेन जेड को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। यह भड़काऊ राजनीति है... हर मुद्दे पर गलती ढूंढना, ईवीएम को दोष देना और अधिकारियों को दोष देना। जितना समय वे गलती खोजने में लगाते हैं, उतना समय अगर वे अपने मूल्यांकन पर लगाते, तो कांग्रेस और राजद शायद कुछ बेहतर हासिल कर पाते। कोई भी बिहारी इससे नीचे की व्यक्तिगत टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं करता है।" हद है, इससे बार-बार 'महागठबंधन' को नुकसान उठाना पड़ा है।''
8:47 AM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
लोगों ने करारा जवाब दिया है: एकनाथ शिंदे
बिहार चुनावों में एनडीए की प्रचंड जीत पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "लोगों ने जंगलराज को खारिज कर दिया है और पीएम नरेंद्र मोदी पर विश्वास दिखाकर विकास को स्वीकार किया है। राहुल गांधी वहां मछली पकड़ने गए थे। वोट चोरी का आरोप लगाने वालों के लिए मैं केवल इतना कहूंगा कि लोगों ने करारा जवाब दिया है। महिलाओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया है, यही वजह है कि एनडीए को यह शानदार जीत हासिल हुई है।"
8:21 AM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
वोट चोरी का मुद्दा पूरी तरह से खत्म: विनोद तावड़े
बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा, "बिहार की जनता ने इस बार जातिवाद को दरकिनार कर प्रधानमंत्री मोदी को ध्यान में रखकर वोट दिया है। बिहार चुनाव के नतीजों ने एक बात साफ़ कर दी है: राहुल गांधी का वोट चोरी का मुद्दा अब पूरी तरह से खत्म हो गया है। लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव, जो जातिवाद के नाम पर लोगों को वोट के लिए प्रेरित करते थे, ऐसा करने में नाकाम रहे।"
8:10 AM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
महागठबंधन के नेताओं में घमंड: AIMIM प्रवक्ता
बिहार चुनाव के नतीजों पर AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा, "मैं बिहार की सीमांचल की जनता का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने हमें भारी संख्या में वोट दिया और हमने 5 सीटों पर जीत हासिल की। हमने महागठबंधन से भी कहा था कि हमें साथ लें जिससे धर्मनिरपेक्ष वोट बंटे नहीं और हम मिलकर भाजपा को हराएं। महागठबंधन के नेताओं में घमंड है, जिसके कारण इनका सूपड़ा साफ हो गया।"
7:24 AM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी बीजेपी
बिहार में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। बीजेपी ने कुल 89 सीटों पर जीत हासिल की है।
7:23 AM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
बिहार में एनडीए को बहुमत
शुक्रवार को बिहार चुनाव के दोनों चरणों में पड़े मतों की गणना की गई। शाम तक चुनाव के नतीजे भी सामने आ गए, जिसमें एनडीए को भारी बहुमत मिला है।
7:22 AM (IST)Nov 15, 2025
Posted by Amar Deep
दो चरणों में बिहार चुनाव
बिहार में दो चरणों के तहत विधानसभा का चुनाव संपन्न हो गया। पहले चरण का चुनाव 6 नवंबर को जबकि दूसरे चरण का चुनाव 11 नवंबर को संपन्न हुआ।
Advertisement
India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर।
बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।