1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: तिहाड़ जेल में सीएम अरविंद केजरीवाल से मिले सौरभ भारद्वाज, बताया क्या हुई बातचीत

दिल्ली: तिहाड़ जेल में सीएम अरविंद केजरीवाल से मिले सौरभ भारद्वाज, बताया क्या हुई बातचीत

 Published : Apr 24, 2024 02:48 pm IST,  Updated : Apr 24, 2024 02:57 pm IST

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आज तिहाड़ जेल जाकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने कहा कि वे उनकी चिंता न करें। उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

सीएम अरविंद केजरीवाल और सौरभ भारद्वाज- India TV Hindi
सीएम अरविंद केजरीवाल और सौरभ भारद्वाज Image Source : FILE-ANI

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को तिहाड़ जेल में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की, जो करीब 30 मिनट चली। भारद्वाज ने कहा कि केजरीवाल ने जनता से कहा है कि उनकी चिंता न करे। भारद्वाज ने कहा कि वह 'मुलाकात जंगले' में केजरीवाल से मिले और उनके बीच इंटरकॉम पर बातचीत हुई। दिल्ली सरकार में मंत्री भारद्वाज ने मुलाकात के बाद संवाददाताओं को बताया, ''मेरी 'मुलाकात जंगले' में आधे घंटे की मुलाकात हुई।

मंत्री ने बताया कि केजरीवाल से क्या बात हुई

केजरीवाल ने कहा कि लोग उनकी चिंता न करें। उन्होंने (केजरीवाल) कहा कि वह मजबूत हैं और दिल्ली की जनता के आशीर्वाद के साथ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। बता दें कि 'मुलाकात जंगला' एक लोहे की जाली होती है, जो जेल के अंदर एक कमरे में कैदी को आगंतुक से अलग करती है। एक आगंतुक और एक कैदी जाली के अलग-अलग किनारों पर बैठकर एक दूसरे से बात कर सकते हैं।

21 मार्च को गिरफ्तार हुए थे केजरीवाल

ईडी ने मनी लांड्रिंग के मामले में 21 मार्च को दिल्ली के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया था। हालांकि केजरीवाल ने पद नहीं छोड़ा है। आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि केजरीवाल जेल से सरकार चलाना जारी रखेंगे। इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी 'आप' के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) संदीप पाठक ने 15 अप्रैल को तिहाड़ जेल में केजरीवाल से मुलाकात की थी। पाठक ने मुलाकात के बाद संवाददाताओं को बताया था कि केजरीवाल हर सप्ताह दो मंत्रियों से मुलाकात करेंगे और संबंधित विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

केजरीवाल ने गिरफ्तार होने के बाद अपने मंत्रियों को पानी की आपूर्ति और सरकारी अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता जैसे मुद्दों के समाधान के लिए संदेश भेजा था। उन्होंने पार्टी विधायकों से अपने निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करने और वहां के लोगों की मदद करने को भी कहा था।

इनपुट-भाषा 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।