1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: कोरोना संक्रमित CISF जवान को गृहमंत्री अमित शाह ने किया फोन, कहा- 'जल्द ठीक होकर मेरे घर आओ'

Coronavirus: कोरोना संक्रमित CISF जवान को गृहमंत्री अमित शाह ने किया फोन, कहा- 'जल्द ठीक होकर मेरे घर आओ'

 Reported By: Vishal Pratap Singh
 Published : Apr 09, 2020 05:22 pm IST,  Updated : Apr 09, 2020 05:45 pm IST

गृहमंत्री अमित शाह ने एक कोरोना संक्रमित CISF के हेड कॉन्सटेबल को अचानक फोन किया और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

गृहमंत्री अमित शाह- India TV Hindi
गृहमंत्री अमित शाह

नई दिल्ली/लखनऊ: देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तो कोरोना के खिलाफ फ्रंट पर जंग लड़ रहे डॉक्टर और सुरक्षाकर्मी भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आने लगे हैं। ऐसे में गृहमंत्री अमित शाह ने एक कोरोना संक्रमित CISF के हेड कॉन्सटेबल को अचानक फोन किया और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

गृहमंत्री ने हेड कॉन्सटेबल आरडी यादव को स्वस्थ होने के बाद अपने घर भी बुलाया। हालांकि, आरडी यादव को पहले इस बात पर भरोसा नहीं हुआ कि गृहमंत्री ने खुद उन्हें फोन किया है। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी आरडी यादव ने फोन पर एक बार कन्फर्म करने के लिए पूछ ही लिया, “आप गृहमंत्री महोदय ही बोल रहे हैं?”

इस पर उधर से आवाज आई “हां! मैं गृहमंत्री अमित शाह बोल रहा हूं।" इसके बाद जवान ने उन्हें जय हिंद बोला और दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। कॉल पर गृहमंत्री अमित शाह ने यादव से कहा कि 'हम प्रार्थना करते हैं, जल्दी अच्छे हो जाओ। अच्छे होकर मेरे घर पर जरूर आओ। हिम्मत रखना, भगवान जरूर अच्छा करेगा।'

गृहमंत्री ने कहा कि 'आपने दूसरे के लिए काम किया है, ईश्वर जरूर मदद करेगा। हिम्मत से लड़ना कोरोना के खिलाफ और अच्छे होकर मेरे घर जरूर आना, मैं यहां इन लोगों को बोल दूंगा, इन्हें फोन कर देना ये तुम्हें बुला लेंगे।' इस दौरान यादव भी उनकी बातों का जवाब दे रहे थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत