1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अहमदाबाद पहुंचे, पीएम नरेंद्र मोदी ने किया स्वागत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अहमदाबाद पहुंचे, पीएम नरेंद्र मोदी ने किया स्वागत

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 24, 2020 12:19 pm IST,  Updated : Feb 24, 2020 12:19 pm IST

ट्रंप और मोदी हवाई अड्डे से साबरमती आश्रम के लिए नेिकल गए, इसके बाद दोनों नवनिर्मित मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम जाएंगे, जहां आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ समारोह में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है।

Donald Trump- India TV Hindi
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अहमदाबाद पहुंचे, पीएम नरेंद्र मोदी ने किया स्वागत Image Source : INDIA TV

अहमदाबाद। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत यात्रा के पहले चरण में सोमवार को अहमदाबाद पहुंचे। ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया को ले कर एयर फोर्स वन विमान सरदार वल्लभ भाई पटेल हवाई अड्डे पर पूर्वाह्न 11 बज कर 37 मिनट पर उतरा। ट्रंप का 11 बजकर 40 मिनट पर अहमदाबाद में उतरने का कार्यक्रम था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए सोमवार की सुबह अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे।

ट्रंप और मोदी हवाई अड्डे से साबरमती आश्रम के लिए नेिकल गए, इसके बाद दोनों नवनिर्मित मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम जाएंगे, जहां आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ समारोह में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस 22 किलोमीटर के रोड शो के दौरान देश के विभिन्न नर्तक समूह और गायक प्रस्तुति देंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दौरे के मद्देनजर अहमदाबाद में सभी ओर विविध इश्तेहार लगाए गए हैं जिनमें भारत और अमेरिका के बीच संबंध, लोकतंत्र आदि का बखान किया गया है।

बेटी इवांका, दामाद जेरेड कुश्नर और उनके प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ आए ट्रंप को गुजरात दौरे के दौरान भारत की सांस्कृतिक झलक मिलेगी। सितंबर 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान ह्यूस्टन में ‘'हाउडी मोदी’ कार्यक्रम के बाद से दोनों नेताओं के बीच संबंध और अधिक प्रगाढ़ हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर पहली बार भारत आए ट्रंप ने सोमवार को अपने विमान से हिन्दी में ट्वीट किया कि वह भारत आने को उत्सुक हैं और कुछ ही देर में वह सबसे मुलाकात करेंगे । इसका जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा ‘‘अतिथि देवो भव:।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने सुबह ट्वीट में लिखा, ‘‘भारत आपकी यात्रा का इंतजार कर रहा है । आपकी यात्रा से निश्चित तौर पर दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे । ’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत