1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'जुबिन गर्ग की हत्या की गई थी, 8 दिसंबर को दाखिल होगा आरोप पत्र', सीएम हिमंत शर्मा का बड़ा दावा

'जुबिन गर्ग की हत्या की गई थी, 8 दिसंबर को दाखिल होगा आरोप पत्र', सीएम हिमंत शर्मा का बड़ा दावा

 Published : Nov 03, 2025 08:34 pm IST,  Updated : Nov 03, 2025 08:41 pm IST

सीएम के इस दावे से जुबिन गर्ग की मौत के मामले में कई तरह के सवाल खड़ हो रहे हैं। पूरे असम में इस मामले में 60 से अधिक FIR दर्ज की गई हैं। सीआईडी और एसआईटी की टीम इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सीएम हिमंत शर्मा- India TV Hindi
सीएम हिमंत शर्मा Image Source : PTI

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को दावा किया कि राज्य के सांस्कृतिक प्रतीक जुबिन गर्ग की सिंगापुर में हत्या की गई थी। उन्होंने यह दावा ऐसे समय किया है जब मामले की अब भी जांच की जा रही है। लोकप्रिय गायक की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। वह नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल (NEIF) के चौथे संस्करण में भाग लेने के लिए सिंगापुर गए थे। 

मैं इसे हादसा नहीं कह रहा- सीएम शर्मा

सीएम शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'मैं इसे हादसा नहीं कह रहा हूं। जुबिन गर्ग की हत्या के मामले में आरोप पत्र 17 दिसंबर तक दाखिल किया जाना है। मैंने इसे आठ दिसंबर तक दाखिल करने का लक्ष्य रखा है। हम अब तैयार हैं।’ 

60 से अधिक FIR दर्ज हुईं

मुख्यमंत्री ने हालांकि मामले के बारे में और अधिक जानकारी या उन साक्ष्यों के बारे में नहीं बताया जो इस मौत को हत्या साबित करते हैं। पूरे असम में जुबिन की मौत को लेकर 60 से अधिक प्राथमिकी दर्ज होने के बाद राज्य पुलिस के आपराधिक जांच विभाग (CID) के तहत एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था जो मामले की जांच कर रहा है। 

अमित शाह से सीएम शर्मा ने की मुलाकात

सीएम शर्मा ने आरोप-पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया के बारे कहा, 'अगर विदेश में कोई घटना होती है, तो गृह मंत्रालय से मंजूरी की आवश्यकता होती है। कल, मैंने जल्द ही मंजूरी लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।’ उन्होंने कहा कि एसआईटी अगले तीन से चार दिनों के भीतर गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर आवश्यक मंजूरी मांगेगी। 

इस मामले मे इन लोगों को किया गया गिरफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा, 'इसके बाद हम आरोप पत्र दाखिल करेंगे।’ शर्मा ने असम सरकार द्वारा एनईआईएफ को धनराशि जारी करने के सवाल पर कहा कि ऐसा नहीं किया गया है। एनईआईएफ के मुख्य आयोजक श्यामकनु महंत, गायक के प्रबंधक सिद्धार्थ शर्मा और उनके बैंड के दो सदस्यों - शेखर ज्योति गोस्वामी और अमृत प्रभा महंत - को मामले में गिरफ्तार किया गया है।  पुलिस ने बाद में गर्ग के चचेरे भाई और असम पुलिस के उपाधीक्षक (DSP) संदीपन गर्ग को गायक की मौत के सिलसिले में गिरफ्तार किया।

जुबिन के खातों से करोड़ों का हुआ लेनदेन

पुलिस को जांच के दौरान जानकारी मिली कि जुबिन के खातों से 1.1 करोड़ रुपये का वित्तीय लेन देन हुआ है। इसके बाद उनके पीएसओ नंदेश्वर बोरा और प्रबीन बैश्य को गिरफ्तार किया गया। मामले में गिरफ्तार सातों आरोपी इस समय न्यायिक हिरासत में हैं। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या, आपराधिक साजिश, लापरवाही की वजह से मौत सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

सिंगापुर पुलिस भी कर रही मामले की जांच

सिंगापुर पुलिस बल (एसपीएफ) भी गर्ग के समुद्र में कथित रूप से डूबने की घटना की स्वतंत्र जांच कर रहा है। एसपीएफ ने 17 अक्टूबर को एक बयान में कहा था कि प्रारंभिक जांच से गर्ग की मौत में किसी भी तरह की गड़बड़ी का संकेत नहीं मिला है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत