Saturday, February 21, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंडः वासेपुर में गैंगवार, गैंगस्टर फहीम खान के बेटे के ड्राइवर को बदमाशों ने मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

झारखंडः वासेपुर में गैंगवार, गैंगस्टर फहीम खान के बेटे के ड्राइवर को बदमाशों ने मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav Published : Feb 21, 2026 11:21 am IST, Updated : Feb 21, 2026 11:26 am IST

झारखंड के वासेपुर में गैंगवार का मामला सामने आया है। दो बदमाशों में गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर बबली खान को गोली मार दी। बबली को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

वासेपुर में फायरिंग- India TV Hindi
Image Source : REPORTER वासेपुर में फायरिंग

रांचीः 14 साल पहले अनुराग कश्यप की फिल्म 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' में फैजल खान का किरदार फहीम खान से प्रेरित था। उसी गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर बबली खान उर्फ हैदर अंसारी पर देर रात वासेपुर में दो अज्ञात अपराधियों ने गोली चला दी। रमजान के पहले जुमा को तरावीह के दौरान हुई इस घटना ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। घायल बबली की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु दुर्गापुर रेफर कर दिया गया। पुलिस इसे फहीम खान और प्रिंस खान के बीच पुरानी रंजिश से जुड़े गैंगवार का हिस्सा मान रही है।

तरावीह के दौरान फायरिंग 

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात करीब 11 बजे तरावीह के वक्त आसपास के लोग जुटे थे। इसी दौरान सामने की दुकान के पास दो संदिग्ध युवक खड़े दिखे। संदेह पर लोगों ने उनसे पूछताछ शुरू की, तो बबली खान और एक युवक के बीच कहासुनी व हाथापाई हो गई। गुस्साए हमलावर ने कमर से पिस्तौल निकालकर बबली पर गोली चला दी। गोली लगते ही भगदड़ मच गई और दोनों आरोपी पैदल कलालीबागान की ओर भाग निकले। घायल को तत्काल असर्फी अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने बरामद किया खोखा 

घटना की खबर लगते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, भूली थाना प्रभारी अभिनव कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच की जा रही है, जिसमें दो संदिग्ध युवक दिखे हैं। वासेपुर इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही। फहीम खान और प्रिंस खान के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसे इस घटना से जोड़ा जा रहा।

बता दें फहीम खान आजीवन कारावास की सजा काट रहा है और उनके भांजा प्रिंस खान के खिलाफ इंटरपोल ने रेड एंड ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर रखा है। उस पर रंगदारी, हत्या और अपहरण के 91 मामले दर्ज़ हैं और लगातार पुलिस उनके गुर्गो को एक एक कर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज रही है। प्रिंस दुबई से बैठ कर अभी भी अपने गुर्गो द्वारा अपराध करवा पुलिस को चुनौती दे रहा है।

रिपोर्ट- कुंदर सिंह, धनबाद

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement