Sunday, February 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. 'झारखंड के हर गरीब की आवाज बनूंगा', JMM का अध्यक्ष चुने जाने के बाद हेमंत सोरेन का पहला रिएक्शन

'झारखंड के हर गरीब की आवाज बनूंगा', JMM का अध्यक्ष चुने जाने के बाद हेमंत सोरेन का पहला रिएक्शन

Edited By: Niraj Kumar @nirajkavikumar1 Published : Apr 16, 2025 02:06 pm IST, Updated : Apr 16, 2025 02:12 pm IST

हेमंत सोरेन को पार्टी के 13 वें केंद्रीय अधिवेशन के दौरान अध्यक्ष चुना गया। वहीं शिबू सोरेन को पार्टी का संस्थापक संरक्षक बनाया गया। सोरेन ने कहा-आज फिर से हमें एकजुट होकर झारखंड की अस्मिता, विकास और न्याय के लिए संघर्ष करना है।

Hemant Soren- India TV Hindi
Image Source : PTI हेमंत सोरेन

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वे राज्य के हर गरीब, वंचित और युवा की आवाज बनेंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का अध्यक्ष चुने जाने के एक दिन बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह बात कही। इससे पहले पार्टी के अध्यक्ष का पद उनके पिता शिबू सोरेन के पास था। शिबू सोरेन पिछले 38 वर्षों से झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख थे। हेमंत सोरेन पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर 2015 से काम कर रहे थे।

मेरे लिए गर्व का क्षण: सोरेन

हेमंत सोरेन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा-  ‘‘आदरणीय बाबा, हमारे संरक्षक आदरणीय शिबू सोरेन जी ने जिन विचारधाराओं की छांव तले झामुमो की नींव रखी थी, आज उसे आगे बढ़ाने का अवसर मिलना मेरे लिए गर्व का क्षण है। मैं विनम्रतापूर्वक इस जिम्मेदारी को स्वीकार करता हूं और प्रण लेता हूं कि झारखंड के हर गांव, हर गरीब, हर वंचित और हर युवा की आवाज बनूंगा।’’ 

हेमंत अध्यक्ष, शिबू सोरेन संस्थापक संरक्षक 

हेमंत सोरेन को पार्टी के 13 वें केंद्रीय अधिवेशन के दौरान अध्यक्ष चुना गया। वहीं शिबू सोरेन को पार्टी का संस्थापक संरक्षक बनाया गया। उन्होंने कहा, ‘‘आज जब मैं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष पद का दायित्व संभाल रहा हूं, तो मेरे मन में कई भावनाएं उमड़ रही हैं। यह कोई साधारण पद नहीं, बल्कि झारखंड की जनता के सपनों, संघर्षों और आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व है।’’ 

हेमंत सोरेन ने कहा कि पार्टी का इतिहास संघर्षों से भरा है, लेकिन हमारा संकल्प अडिग है। उन्होंने कहा, ‘‘आज फिर से हमें एकजुट होकर झारखंड की अस्मिता, विकास और न्याय के लिए संघर्ष करना है। मैं सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं और झारखंडवासियों से वादा करता हूं कि आपका विश्वास कभी टूटने नहीं दूंगा।’’

पार्टी के दो दिवसीय केंद्रीय सम्मेलन के दौरान हेमंत सोरेन ने झामुमो के लिए एक मजबूत सामाजिक न्याय एजेंडा पेश किया, जिससे पार्टी के राज्य से बाहर अपने प्रभाव का विस्तार करने के इरादे का संकेत मिलता है। उन्होंने घोषणा की कि ‘‘सामंती ताकतों’’ को अब राज्य का शोषण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शिबू सोरेन की अध्यक्षता में पार्टी के 13वें केंद्रीय सम्मेलन में उनके बेटे हेमंत सोरेन ने संकेत दिया कि पार्टी राज्य में 2024 के विधानसभा चुनाव में अपने मजबूत प्रदर्शन से उत्साहित होकर अपनी राष्ट्रीय भूमिका को फिर से परिभाषित करने के लिए तैयार है।

यह जनता की सरकार: हेमंत सोरेन

उन्होंने कहा, ‘‘अबुआ सरकार (झामुमो सरकार) का गठन आदिवासियों, दलितों और अन्य हाशिए के समुदायों की सामूहिक इच्छाशक्ति के कारण हुआ, जिन्होंने 2019 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन वाली सरकार को खारिज कर दिया था।’’ हेमंत सोरेन ने कहा, ‘‘यह सरकार जनता की है. सामंती ताकतों को यहां की जनता के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा और अब झामुमो एक शक्तिशाली ताकत के रूप में उभरा है, झामुमो उन्हें झारखंड को और लूटने नहीं देगा।’’ 

हेमंत सोरेन ने कहा कि उनके पिछले शासन के दौरान बीजेपी ने उनकी लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कई षड्यंत्र रचे, लेकिन झामुमो सरकार ने ‘‘लगातार राजनीतिक दबाव’’ का सामना किया और यह अपने लोगों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्ष 2000 में राज्य के गठन के बाद से राज्य की राजनीतिक यात्रा पर विचार करते हुए सोरेन ने पिछली सरकारों पर ऐसी नीतियों को लागू करने का आरोप लगाया जिससे आदिवासियों और किसानों का शोषण जारी रहा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कई राज्यों में अपना जनाधार बढ़ाया है, और आगे भी बढ़ाती रहेगी। (इनपुट-भाषा)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement