नई दिल्ली। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) ने भारतीय बाजार में अपनी नई 2017 CBR650F स्पोर्ट मोटरसाइकिल को लॉन्च किया है। नई दिल्ली में इस मोटरसाइकिल की एक्स-शोरूम कीमत 7.3 लाख रुपए है। 2014 में लॉन्च की गई CBR650 की कीमत भी इतनी ही थी।
कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) यदविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा कि नई CBR650F में अतिरिक्त सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जबकि इसकी कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कंपनी ने देशभर में इसकी बुकिंग शुरू कर दी है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि CBR650F स्पोर्ट वाहन चलाने के अनुभव को एक नए स्तर पर ले जाएगी। यह दो आकर्षक रंगों, मिलेनियम रेड और मैट गनपाउडर ब्लैक मेटैलिक में उपलब्ध होगी। इसे BS-IV उत्सर्जन मानकों के हिसाब से तैयार किया गया है।
सस्पेंशन और डिजाइन में बदलाव कर इसे पुराने मॉडल के मुकाबले अधिक बेहतरीन बनाया गया है। इस मोटरसाइकिल में 649 सीसी का चार सिलेंडर वाला इंजन है। जो 85.42 बीएचपी का पावर और 60.4 न्यूटन मीटर का टॉर्क जेनरेट करता है। यह इंजन 6 स्पीड गियरबॉक्स से लैस है।
नई CBR650F में नया 41mm शोवा ड्यूल बेंडिंग वाल्व टाइप फॉर्क दिया गया है। होंडा का दावा है कि यह हल्का है और इससे कम्प्रेशन रेग्युलेशन बेहतर हुआ है। इसका सिंगल ट्यूब मोनोशॉक सस्पेंशन यूनिट ऐल्युमिनियम बेस्ड है। इसके फ्रंट वील में 320एमएम का ड्यूल हाइड्रॉलिक फ्रंट ब्रेक दिया गया है। पिछले पहिये में 240एमएम का हाइड्रॉलिक डिस्क ब्रेक दिया गया है। इसमें एलईडी लाइटें भी दी गईं हैं।