1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. कोरोना वायरस संकट के बीच निकारागुआ में शुरू हुई मुक्केबाजी प्रतियोगिता

कोरोना वायरस संकट के बीच निकारागुआ में शुरू हुई मुक्केबाजी प्रतियोगिता

 Edited By: Bhasha
 Published : Apr 26, 2020 01:31 pm IST,  Updated : Apr 26, 2020 01:39 pm IST

निकारागुआ में कोविड-19 के केवल 11 मामले पाये गये हैं जिनमें से तीन की मौत हो चुकी है। वहां 15 दिन के अवकाश के बाद स्कूल और कार्यालय पूर्व की तरह संचालित होने लगे हैं।

Nicaragua, Rosendo Alvarez, Boxing, coronavirus, covid-19- India TV Hindi
Boxing  Image Source : GETTY

दुनिया में जब कोरोना वायरस महामारी के कारण खेल गतिविधियां ठप्प पड़ी हैं तब निकारागुआ में मुक्केबाजी के मुकाबले शुरू हो गये हैं। मनागुआ में हो रहे इन मुकाबलों का टेलीविजन पर सीधा प्रसारण हो रहा है और कुछ दर्शक भी इन्हें देखने के लिये स्टेडियम में पहुंच रहे हैं। इन मुकाबलों के प्रमोटर दो बार के पूर्व विश्व चैंपियन रोसेंडो अल्वारेज हैं और उन्होंने वायरस के किसी खतरे को खारिज कर दिया। 

‘अल बफैलो’ नाम से मशहूर अल्वारेज ने शनिवार की रात मुकाबले से पूर्व कहा, ‘‘यहां हमें कोरोना वायरस का डर नहीं है और किसी को पृथक नहीं रखा जा रहा है। जिन तीन लोगों (स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार) की मौत हुई वे बाहर से आये थे और देश में किसी को संक्रमण नहीं हुआ। ’’

उन्होंने मुफ्त टिकटों की भी पेशकश की लेकिन 8000 दर्शकों की क्षमता वाले अलेक्सिस अरगोएलो जिम में हालांकि बहुत कम दर्शक पहुंचे थे। अधिकारियों ने दर्शकों की वास्तविक संख्या नहीं बतायी। यह मुकाबला निकारागुआ के सरकारी चैनल कैनाल 6 और ईएसपीएन लेटिन अमेरिका पर प्रसारित किया गया।

अल्वारेज ने कहा कि उन्होंने 16 स्थानीय मुक्केबाजों को अनुबंधित किया है क्योंकि उन्हें काम की जरूरत थी। उन्होंने कहा, ‘‘निकारागुआ गरीब देश है और मुक्केबाजों को काम चाहिए। वे अपने घरों में बैठकर नहीं रह सकते थे। ’’ 

निकारागुआ में कोविड-19 के केवल 11 मामले पाये गये हैं जिनमें से तीन की मौत हो चुकी है। वहां 15 दिन के अवकाश के बाद स्कूल और कार्यालय पूर्व की तरह संचालित होने लगे हैं। 

निकारागुआ में बेसबॉल और फुटबॉल लीग भी पहले की तरह चल रही है जबकि स्थानीय समाचार पत्रों में शनिवार को ट्रायथलन और स्कूल कुश्ती टूर्नामेंटों की खबरें भी प्रकाशित हुई थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल