Mahakumbh Stampede : आज प्रयागराज महाकुंभ का दूसरा अमृत स्नान है। आज मौनी अमावस्या के मौके पर महाकुंभ में 10 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के स्नान करने का अनुमान है। लेकिन उससे पहले प्रयागराज में संगम तट पर भगदड़ जैसी स्थिति मची है...जिसमें कई श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर है...घायलों को महाकुंभ नगर के केंद्रीय अस्पताल और प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले जाया गया है। प्रशासन के मुताबिक मेला क्षेत्र मे कुछ महिलाओ के दम घुटने की वजह से धक्का मुक्की हुई जिसके बाद एक के ऊपर एक महिलाएं और पुरुष गिरे। आइए जानते हैं इस घटना से जुड़ी हर अपडेट हमारी इस Live Blog में...
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने बुधवार को महाकुंभ में भगदड़ की घटना पर दुख जताया और कहा कि उनकी सरकार सभी आवश्यक सहायता वहां पहुंचाने के लिये तैयार है।
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने भी महाकुंभ से जुड़ी अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने लिखा- "आज मौनी अमावस्या के महापर्व पर तीर्थराज प्रयाग में देश-विदेश से पधारे करोड़ों श्रद्धालु पवित्र स्नान करने पहुंच रहे हैं। स्नान पर्व को दृष्टिगत रखते हुए रीवा जिले अंतर्गत मध्यप्रदेश-उत्तरप्रदेश की सीमा पर श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रयागराज में भीड़ अधिक होने के कारण आज रीवा जिले के चाकघाट थाना अंतर्गत सीमा पर हजारों श्रद्धालुओं के वाहन सीमा पर रुके हुए हैं। हमारे पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं, जो वहां सभी श्रद्धालुओं के खाने-पीने से लेकर ठहरने की समुचित व्यवस्था का ध्यान रख रहे हैं, साथ ही स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए डॉक्टरों की टीम को भी मौके पर उपलब्ध कराया गया है। मैं सभी श्रद्धालुओं से अपील करता हूं कि प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करें एवं संयम बनाए रखें।"
महाकुंभ भगदड़ की स्थिति को लेकर महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा- ''घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण थी और पूरा देश चिंतित है। पीएम नरेंद्र मोदी ने स्थिति का संज्ञान लिया है। ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी लेकिन वहां 8-10 करोड़ लोग मौजूद हैं। सभी व्यवस्थाओं के बावजूद, ऐसी घटना घटी। मुझे यकीन है कि प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहा है कि ऐसा दोबारा न हो।”
दिल्ली के उस्मानपुर में पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- "कुंभ में जो दुखद हादसा हुआ है, कई पुण्य आत्माओं को खोना पड़ा है। मैं संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं UP सरकार से लगातार संपर्क में हूं। मौनी अमावस्या की वजह से तहत भीड़ है। कुछ देर के लिए स्नान रुक था, अब सुचारू रूप से चल रहा है।"
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा- "प्रयागराज महाकुंभ में हादसे की खबर बेहद दुखद है। इस घटना में जिन श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई, मैं उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, उनके साथ हमारी संवेदनाएँ हैं। जो घायल हुए उन्हें जल्द स्वास्थ प्राप्त हो, ऐसी ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।"
उत्तराखंड सरकार ने यूपी के प्रयागराज में महाकुंभ में भाग लेने वाले अपने नागरिकों की सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर जारी किए हैं। राज्य से महाकुंभ के लिए प्रयागराज आने वाले लोग टोल-फ्री नंबर - 1070, 8218867005, 9058441404 पर कॉल करके किसी भी प्रकार की सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिुंह धामी ने लिखा- "प्रयागराज महाकुंभ में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। बाबा केदार से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- "प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशानिर्देश में उत्तर प्रदेश सरकार एवं स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव सहायता कर रहा है।"
मौनी अमावस्या के अवसर पर दूसरे अमृत स्नान के लिए त्रिवेणी संगम पर छोटे जुलूसों में संतों का आना जारी है। आज दोपहर 12 बजे तक करीब 4.24 करोड़ श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। आज तक पवित्र स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 20 करोड़ से अधिक हो गई है।
महाकुंभ हादसे को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा- "महाकुंभ में हुए दुःखद हादसे से अत्यंत व्यथित हूँ। इस दुर्घटना में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दें। प्रशासन घायलों को अस्पतालों में उपचार दे रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूँ।"
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X पर एक पोस्ट में कहा, 'प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। मैं हताहत हुए श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं और ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि घायल हुए सभी श्रद्धालु शीघ्र ही स्वस्थ हों।'
महाकुंभ के DIG वैभव कृष्ण ने कहा- ''अमृत स्नान शुरू होने वाला है। सब कुछ पारंपरिक रूप से किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन सभी अखाड़ों को उनके पारंपरिक जुलूसों में मदद करेगा। स्थिति नियंत्रण में है। आज सुबह की घटना के कारणों पर गौर करें तो यह 10 करोड़ से अधिक भक्तों के आने की उम्मीद के कारण हुआ।''
पीएम मोदी ने कहा- "प्रयागराज महाकुंभ में हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा हुआ है। इस सिलसिले में मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से बातचीत की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं।"
महाकुंभ के डीआइजी वैभव कृष्ण ने बताया- "हमें आज 10 करोड़ से अधिक लोगों के आने की उम्मीद है। हमारे सभी अधिकारी और कर्मचारी कल शाम से ही भीड़ नियंत्रण के लिए तैनात कर दिए गए हैं। लोग यहां सभी घाटों पर शांतिपूर्वक स्नान कर रहे हैं। सुबह, दबाव था और भारी भीड़ थी। कई अखाड़ों ने हमें भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कहा और कहा कि वे बाद में स्नान के लिए निकलेंगे। अब भीड़ नियंत्रण में है, अखाड़ों और संतों के लिए हमारी तैयारी है, अखाड़ा मार्ग और अखाड़ा घाट बनकर तैयार हैं, पूरे क्षेत्र को साफ कर दिया गया है। हमने अखाड़ों को यह बता दिया है और वे जल्द ही यहां स्नान के लिए आना शुरू कर देंगे। हमारे पास भगदड़ पीड़ितों की आधिकारिक संख्या नहीं है क्योंकि हम यहां भीड़ नियंत्रण में शामिल हैं। घायलों का इलाज किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार के मुताबिक, बुधवार 29 जनवरी की तारीख को मौनी अमावस्या के दिन प्रयागराज महाकुंभ में 3.60 करोड़ से ज्यादा लोगों ने त्रिवेणी संगम में स्नान कर लिया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की है। उन्होंने वैष्णव से अपील की कि प्रयागराज से ज्यादा से ज्यादा ट्रेनें चलाई जाएं।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताया कि हर 4 मिनट में एक ट्रेन प्रयागराज आ और जा रही है। उन्होंने बताया है कि 360 से ज्यादा ट्रेन आज प्रयागराज से चलाई जा रही है..
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से फोन पर बात की। सीएम योगी आदित्यनाथ ने रेल मंत्री को प्रयागराज से ज्यादा से ज्यादा ट्रेन चलाने के लिए कहा है। प्रयागराज महाकुंभ स्नान करने के लिए आए हुए लोगों को जल्दी और आसानी से शहर से निकला जाए इसके लिए ज्यादा से ज्यादा ट्रेन चलाए जाने की मांग की गई है।
सीएम योगी ने बताया है कि विभिन्न अखाड़ों के संतों ने विनम्रतापूर्वक कहा है कि भक्तों को पहले पवित्र स्नान करना चाहिए और अखाड़े भीड़ कम होने पर पवित्र स्नान के लिए आगे बढ़ेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रयागराज में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। पूरे कुंभ क्षेत्र में घाट बनाए गए हैं, श्रद्धालुओं को केवल संगम नोज की ओर जाने की जरूरत नहीं है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को खुद मीडिया के सामने आए और इस पूरी घटना को लेकर सभी जानकारी सामने रखी है। बुधवार को करीब 10 करोड़ श्रद्धालु प्रयागराज में मौजूद हैं। अखाड़ा मार्ग पर बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश करने पर कुछ श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आई हैं। उनका इलाज जारी है।
जानकारी सामने आई है कि प्रयागराज महाकुंभ में भीड़ अब कंट्रोल में है। इसलिए अखाड़ा मार्ग श्रद्धालुओं से खाली कराया जा रहा है।
रेलवे ने जानकारी दी है कि आज प्रयागराज क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों से 360 से अधिक ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई है। फिलहाल किसी भी स्पेशल ट्रेन को रद्द करने की कोई योजना नहीं है।
रेलवे ने प्रयागराज से श्रद्धालुओं के लिए इवेकुएशन प्लान बनाया है। जानकारी के मुताबिक, कई खाली ट्रेनें प्रयागराज भेजी जा रही हैं। इसका मकसद है कि करीब 4 मिनट के अंतराल में एक ट्रेन चलाई जा सके।
प्रयागराज महाकुंभ में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी ने कहा- "एक बार भीड़ कम हो जाए तो हम पवित्र स्नान के लिए आगे बढ़ेंगे।"
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर बड़ी बैठक हो रही है। इस बैठक में DGP प्रशांत कुमार, ADG एलओ अमिताभ यश और प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद भी मौजूद हैं। CM योगी अधिकारियों से जानकारी ले रहे हैं और महाकुंभ में हेलीकॉप्टर से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
परमार्थ निकेतन आश्रम के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा- "जैसे ही मुझे भगदड़ के बारे में पता चला, हमने अपने शिविर में सभी को सूचित किया कि हम आज एक साथ स्नान नहीं करेंगे। सभी को अपने निकटतम गंगा घाट पर डुबकी लगाने के लिए कहा गया है। हमने 'सामुहिक स्नान' रद्द कर दिया है। सभी की भलाई और सेवा अभी सभी की प्राथमिकता होगी। हमने घटना में घायल हुए लोगों के लिए प्रार्थना की है और पीएम नरेंद्र मोदी ने पिछले एक घंटे में दो बार सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की है। प्रशासन सक्रिय रूप से काम कर रहा है। हमने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और लोगों और पीड़ितों से मिलने के लिए संगम की ओर जा रहे हैं।
प्रयागराज में जारी महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर पवित्र स्नान के लिए महाकुंभ क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। जानकारी के मुताबिक, आज सुबह 6 बजे तक 1.75 करोड़ लोग संगम में पवित्र स्नान कर चुके हैं। यूपी सरकार के अनुसार, 28 जनवरी तक कुल 19.94 करोड़ लोगों ने पवित्र स्नान किया है।
महाकुंभ में भगदड़ जैसी स्थिति पर यूपी के मंत्री ओपी राजभर ने कहा- "मैं महाकुंभ में आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील करता हूं कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें। श्रद्धालुओं को अपने नजदीक के घाटों पर ही पवित्र डुबकी लगानी चाहिए। सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस और सरकार सतर्क है। श्रद्धालुओं को कुंभ क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करना चाहिए। सरकार इसके लिए तैयार है और अलर्ट मोड में है।
अखिलेश यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं से भी हमारी अपील है कि वो इस कठिन समय में संयम और धैर्य से काम लें और शांतिपूर्वक अपनी तीर्थयात्रा संपन्न करें। सरकार आज की घटना से सबक लेते हुए श्रद्धालुओं के रुकने, ठहरने, भोजन-पानी व अन्य सुविधाओं के लिए अतिरिक्त प्रबंध करे।
अखिलेश यादव ने सरकार से अपील की है कि सतयुग से चली आ रही ‘शाही स्नान’ की अखण्ड-अमृत परंपरा को निरंतर रखते हुए, राहत कार्यों के समानांतर सुरक्षित प्रबंधन के बीच ‘मौनी अमावस्या के शाही स्नान’ को संपन्न कराने की व्यवस्था की जाए।
अखिलेश ने यादव ने सरकार से अपील की है कि गंभीर रूप से घायलों को एअर एंबुलेंस की मदद से निकटतम सर्वश्रेष्ठ हॉस्पिटलों तक पहुंचाकर तुरंत चिकित्सा व्यवस्था की जाए। जो लोग बिछड़ गये हैं, उन्हें मिलाने के लिए त्वरित प्रयास किये जाएं। हेलीकॉप्टर का सदुपयोग करते हुए निगरानी बढ़ाई जाए।
पीएम नरेंद्र मोदी लगातार महाकुंभ के हालात पर नजर बनाए हुए हैं और राज्य सरकार से लगातार संपर्क में हैं। पीएम ने अब तक 3 बार सीएम योगी से बात की है। पीएम मोदी ने स्थिति को सामान्य करने और राहत कार्य के निर्देश दिए हैं।
महाकुंभ में भगदड़ की स्थिति की सूचना मिलने के बाद से ही CM योगी अधिकारियों से लगातार अपडेट ले रहे हैं। आगे स्नान सुचारू रूप से होता रहे और पीड़ितों को हर संभव सहायता मिले इसके लिए सीएम योगी जरूरी दिशा निर्देश दे रहे हैं।
प्रयागराज महाकुंभ में मौनी अमावस्या के अवसर पर त्रिवेणी के घाटों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमृत स्नान के लिए पहुंचे हैं। इसके ड्रोन विजुअल सामने आए हैं।
मौनी अमावस्या पर बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई। उन्होंने कहा- "यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे इस शुभ दिन पर 'स्नान' करने का मौका मिला।"
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा- "हमने घायल लोगों को अपनी प्रार्थना में रखते हुए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए आज पवित्र स्नान किया है। हमने आज एक प्रतीकात्मक 'स्नान' किया और लोगों की भलाई के लिए प्रार्थना की।"
उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ को लेकर जानकारी साझा की है। यूपी सरकार ने कहा है कि संगम के सभी घाटों पर स्नान शांतिपूर्वक चल रहा है।
मौनी अमावस्या के अवसर पर सांसद हेमा मालिनी, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज और योग गुरु बाबा रामदेव ने अन्य संतों के साथ त्रिवेणी संगम में पावन स्नान किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ में भगदड़ के बाद श्रद्धालुओं से अपील की है कि मां गंगा के जो जिस घाट के समीप है, वहीं स्नान करे और संगम नोज की ओर जाने का प्रयास न करे। उन्होंने कहा कि स्नान के लिए कई घाट बनाए गए हैं और कहीं भी स्नान किया जा सकता है। सीएम योगी ने लोगों से प्रशासन के निर्देशन का अनुपालन करने की अपील की है और कहा है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
महाकुंभ में हुई भगदड़ के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बात की। शाह ने हालात की जानकारी ली है और सीएम योगी को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
महाकुंभ भगदड़ पर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा- "मैं सभी भक्तों से अपील करता हूं कि क्योंकि आज प्रयागराज में भारी भीड़ उमड़ी है, इसलिए उन्हें केवल संगम घाट पर ही पवित्र डुबकी लगाने की जिद नहीं करनी चाहिए। अभी तो उन्हें चाहिए ही।" अपने शिविर छोड़कर अपनी सुरक्षा की तलाश न करें..."
अखाड़ों और नागा साधुओं के लिए जो रास्ता बंद रहता था अब पब्लिक के लिए वो रास्ता खोल दिया है ताकि भीड़ कम हो लोग जल्दी स्नान करें।
साध्वी निरंजन ज्योति ने महाकुंभ क्षेत्र में हुई भगदड़ की घटना पर कहा, "यह दुखद घटना है। जो भी हुआ वो ठीक नहीं हुआ। अखाड़ा परिषद ने जनहित को ध्यान में रखते हुए अमृत स्नान को रद्द करने का फैसला लिया है..."
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी ने कहा, "जो घटना हुई उससे हम बहुत दुखी हैं। हमारे साथ हजारों श्रद्धालु थे... जनहित में हमने फैसला किया कि अखाड़े आज स्नान में भाग नहीं लेंगे... मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे आज के बजाय वसंत पंचमी पर स्नान के लिए आएं... यह घटना इसलिए हुई क्योंकि श्रद्धालु संगम घाट पहुंचना चाहते थे, इसके बजाय उन्हें जहां भी पवित्र गंगा दिखे, वहीं डुबकी लगा लेनी चाहिए... "
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जारी महाकुंभ में भगदड़ की खबर के बाद सेक्टर 2 में कुंभ क्षेत्र में स्थापित अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ एकत्रित हुई।
महाकुंभ में भगदड़ की खबर पर, विशेष कार्याधिकारी कुंभ मेला प्राधिकरण अकांक्षा राणा ने कहा कि संगम नोज पर बैरियर टूटने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। कोई भी गंभीर नहीं है।
आज अखाड़ों का अमृत स्नान रद्द किया गया। अखाड़ा परिषद ने अमृत स्नान रद्द किया है। सभी 13 अखाड़ों का अमृत स्नान रद्द किया गया। भगदड़ के बाद ये फैसला किया गया है।
प्रयागराज के बॉर्डर के इलाकों में अधिकारियों को सक्रिय कर दिया गया है। 10 से ज्यादा डीएम भीड़ को मैनेज करने में जुटे हैं।
जानकारी के मुताबिक, महाकुंभ में क्राउड डायवर्जन प्लान हुआ लागू। महाकुंभ में श्रद्धालुओं की एंट्री रोकी गई। शहर के बाहर ही श्रद्धालुओं के जत्थों को रोका गया है।
जानकारी के मुताबिक, महाकुंभ में भगदड़ की घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की है। पीएम मोदी ने घायलों को तत्काल सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
घायलों का इलाज मेला परिसर में बने केंद्रीय अस्पताल में चल रहा है। कुछ घायलों को प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू हॉस्पिटल में भेजा गया है। प्रशासन के मुताबिक अब स्थिति काबू में है और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वो अफवाहों पर ध्यान ना दें।
करीब 2 दर्जन घायलों क़ो अस्पताल मे भर्ती करवाया गया है...भगदड़ की सूचना मिलते ही 50 से ज्यादा एंबुलेंस संगम तट पर पहुंची और घायलों को अलग अलग अस्पतालों में लेकर गई।
प्रशासन के मुताबिक मेला क्षेत्र मे कुछ महिलाओ के दम घुटने की वजह से धक्का मुक्की हुई जिसके बाद एक के ऊपर एक महिलाएं और पुरुष गिरे। उनके गिरने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रयागराज में संगम तट पर भगदड़ मची है जिसमें कई श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर है। घायलों को महाकुंभ नगर के केंद्रीय अस्पताल और प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले जाया गया है।
संपादक की पसंद