1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. डोकलाम विवाद पर चीनी मीडिया ने जारी किया नया वीडियो, जानें अब क्या कहा

डोकलाम विवाद पर चीनी मीडिया ने जारी किया नया वीडियो, जानें अब क्या कहा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 21, 2017 02:20 pm IST,  Updated : Aug 21, 2017 02:20 pm IST

चीन की न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने डोकलाम विवाद पर एक नया वीडियो जारी किया है। इससे पहले डोकलाम पर जारी एक प्रोपेगैंडा वीडियो में एक चीनी ऐंकर ने डोकलाम विवाद को लेकर भारत का मजाक उड़ाया था।

Photo Courtesy: Twitter/XHNews- India TV Hindi
Photo Courtesy: Twitter/XHNews

बीजिंग: चीन की न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने डोकलाम विवाद पर एक नया वीडियो जारी किया है। इससे पहले डोकलाम पर जारी एक प्रोपेगैंडा वीडियो में एक चीनी ऐंकर ने डोकलाम विवाद को लेकर भारत का मजाक उड़ाया था। हालांकि इस वीडियो में शिन्हुआ ने भारत से शांति बनाए रखने की बात कही है। वीडियो में भारत और चीन की ऐतिहासिक संस्कृतियों और संबंधों का भी हवाला दिया गया है।

इस नए वीडियो में चीनी ऐंकर कह रहा है, 'पिछले दो महीनों से भी ज्यादा समय से डोंग लांग (डोकलाम का चीनी नाम) को लेकर भारत और चीन के बीच तनाव में इजाफा हुआ है।' इस वीडियो में कहा गया है कि 18 जून को भारतीय सेना 2 बुलडोजर और हथियारों समेत सिक्किम सेक्टर को पर करके चीनी इलाके में दाखिल हो गई। ऐंकर ने कहा, 'इसके बाद भारत ने चीन को रोड बनाने से रोक दिया, जिससे दोनों देशों के बीच गतिरोध पैदा हुआ।'

वीडियो में आगे कहा गया, 'यह सीमा विवाद भारत की ओर से रणनीतिक विश्वास में कमी को दिखाता है। इस कदम से सामरिक नजरिए में धुंधलापन आ सकता है जिससे भारत के हितों को नुकसान हो सकता है।' इस वीडियो में भारत और चीन के पुरानी सभ्यताएं होने का हवाला देते हुए कहा गया है कि चीन और भारत दुनिया की 2 सबसे पुरानी सभ्यताएं हैं। इन दोनों ही देशों की संस्कृतियां शानदार हैं। ये दोनों ही देश कहीं से भी प्रतिद्वंदी होने के लिए नहीं जन्मे हैं। इन दोनों ही देशों के बीच प्राचीन काल से संबंध रहे हैं।'

वीडियो में कहा गया है कि, 'इसलिए भारत को अपनी सेनाएं तुरंत बिना किसी शर्त के चीनी सीमा से वापस बुला लेनी चाहिए और भविष्य में होने वाले किसी भी गलत फैसले के प्रति सचेत रहना चाहिए। दोनों देश मिल-जुलकर रहेंगे तो इनके 270 करोड़ नागरिकों का ही फायदा होगा। इन दोनों देशों के बीच शत्रुतापूर्ण प्रतिद्वंदिता खतरनाक हो सकती है।' वीडियो में कहा गया है कि दोनों देशों के बीच एक-दूसरे के प्रति विश्वास पैदा करना होगा क्योंकि एशिया में चीन के ड्रैगन और भारत के हाथी के साथ-साथ रहने के लिए काफी जगह है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश