Balen Shah Nepal Politics: नेपाल के आम चुनाव के रुझानों में काठमांडू के लोकप्रिय नेता और मौजूदा मेयर Balen Shah के सियासी दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की जीत होती नजर आ रही है। शुरुआती रुझानों में उनकी भारी बढ़त ने फिर से यह चर्चा तेज कर दी कि आखिर एक रैपर से नेता बने बालेन शाह इतनी तेजी से सियासत में कैसे उभरे और इतने पॉपुलर क्यों हो गए? बालेन शाह और उनकी सियासत के बारे में जानने के लिए नीचे स्क्रोल करें।
Balen Shah का जन्म 27 अप्रैल 1990 में नेपाल की राजधानी Kathmandu में हुआ था। बालेन ने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की लेकिन रैप में भी गहरी दिलचस्पी होने के चलते वह रैपर बन गए। उन्होंने अपने कई गाने रिलीज किए, जिनमें भ्रष्टाचार, सामाजिक मुद्दों और सिस्टम की कमियों पर खुलकर बात थी। गानों के जरिए समाज में बालेन ने एक अलग पहचान बनाई। इंटरनेट पर उनकी साफगोई और बेबाक राय ने Balen Shah को तेजी से लोकप्रिय बना दिया।
बालेन शाह ने सक्रिय राजनीति में अपना पहला कदम तब रखा जब उन्होंने साल 2022 में काठमांडू के मेयर पद का चुनाव लड़ा। दिलचस्प था कि वह किसी बड़ी सियासी पार्टी से नहीं, बल्कि एक निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरे। लंबे वक्त से नेपाल की पारंपरिक राजनीति बड़ी पार्टियों के इर्द-गिर्द घूम रही है, लेकिन बालेन शाह ने युवाओं, पेशेवरों और शहरी वोटर्स से खुद को सिस्टम के बाहर का व्यक्ति बताकर समर्थन देने की अपील की। इस दौरान, डिजिटल कैंपेन और युवाओं में पकड़ की वजह से बालेन शाह को जबरदस्त सपोर्ट मिला और काठमांडू चुनाव में उनकी जीत ने सभी हैरान कर दिया।
बालेन शाह ने मेयर बनने के बाद काठमांडू के लिए कई सख्त निर्णय लिए। उन्होंने राजधानी में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान छेड़ा और कई अवैध इमारतों को हटवा दिया। साथ ही, ट्रैफिक मैनेजमेंट, कचरा प्रबंधन और शहरी व्यवस्था में सुधार लाने के लिए भी कई कदम उठाए।
बालेन शाह की पॉपुलैरिटी की सबसे बड़ी वजह उनकी दूसरे नेताओं से जुदा इमेज है। वे पारंपरिक राजनीतिक भाषा की जगह सीधे लोगों से बात करना पसंद करते हैं। अब जब मौजूदा चुनावों के रुझानों में बालेन शाह की पार्टी को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है, तो यह साफ इशारा है कि नेपाल की सियासत में युवा नेतृत्व और सियासत के नए चेहरों के लिए जगह तेजी से बढ़ रही है।
ये भी पढ़ें- नेपाल में कमाल कर रही है बालेन शाह की पार्टी RSP, कई सीटों पर बनाई बढ़त, पुरानी पार्टियां काफी पीछे
संपादक की पसंद