1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चंद्रमा पर पहुंचा चंद्रयान-3, जानिए पाकिस्तान, चीन सहित दुनियाभर के मीडिया ने क्या दिया रिएक्शन?

चंद्रमा पर पहुंचा चंद्रयान-3, जानिए पाकिस्तान, चीन सहित दुनियाभर के मीडिया ने क्या दिया रिएक्शन?

 Written By: Deepak Vyas
 Published : Aug 24, 2023 09:03 am IST,  Updated : Aug 24, 2023 09:05 am IST

चांद पर जब भारत के चंद्रयान 3 की सफलतापूर्व लैंडिंग हुई, तो पूरी दुनिया में भारत की तारीफ होने लगी। विदेशी मीडिया ने भी भारत की इस उपलब्धि पर अलग अलग रिएक्शन दिए। जानिए सऊदी अरब, पाकिस्तान, चीन से लेकर अन्य बड़े देशों ने किस तरह दिया रिएक्शन?

चंद्रमा पर पहुंचा चंद्रयान, जानिए पाकिस्तान, चीन सहित दुनियाभर के मीडिया ने क्या दिया रिएक्शन?- India TV Hindi
चंद्रमा पर पहुंचा चंद्रयान, जानिए पाकिस्तान, चीन सहित दुनियाभर के मीडिया ने क्या दिया रिएक्शन? Image Source : FILE

Chandrayaan-3 Successful Landing: अथक मेहनत और इसरो के वैज्ञानिकों के कड़े परिश्रम के बाद आखिरकार भारत के चंद्रयान-3 ने सफलतापूर्वक चंद्रमा पर लैंडिंग कर ही ली। इस पर देशभर के लोगों में जश्न का माहौल है। दुनिया के बड़े लीडर्स ने भारत को इस सफलता पर बधाई दी है। जानिए दुनियाभर के मीडिया में भारत की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को किस तरह देखा गया। पाकिस्तान, चीन सहित दुनियाभर के अखबारों ने किस तरह इस उपलब्धि पर रिएक्शन दिया? चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर विदेशी मीडिया में भी चंद्रयान-3 की इस उपलब्धि की तारीफ की गई है। सऊदी अरब, पाकिस्तान, ब्रिटेन, अमेरिका समेत सभी देशों की मीडिया में भारत की ऐतिहासिक सफलता को लेकर खबरें प्रकाशित हुई हैं। 

अमेरिका की मीडिया में छाई भारत की सफलता

सीएनएन न्यूज नेटवर्क

अमेरिका के न्यूज नेटवर्क सीएनएन ने लिखा कि भारत ने अपना चंद्रयान-3 चंद्रमा पर उतार दिया है और यह उपलब्धि हासिल करने वाला वह चौथा देश बन गया है। अपनी एक रिपोर्ट में सीएनएन लिखता है, 'यह मिशन अंतरिक्ष में वैश्विक महाशक्ति के रूप में भारत की स्थिति को मजबूत कर सकता है। इससे पहले, केवल अमेरिका, चीन और रूस ने ही चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग पूरी की है।' अमेरिकी मीडिया ने लिखा कि भारत ने अपना चंद्रयान-3 दक्षिणी ध्रुव के करीब उतारा है और वहां इससे पहले किसी दूसरे देश ने ऐसा नहीं किया है। 

न्यूयॉर्क टाइम्स 

अमेरिकी अखबार ने 'न्यूयॉर्क टाइम्स' ने लिखा कि भारत के प्रधानमंत्री मोदी फिलहाल ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दक्षिण अफ्रीका में हैं। लेकिन उन्हेांने वहीं से चंद्रयान 3 की सफलता को लाइव देखा। सीएनएन ने लिखा कि भारत को यह सफलता रूस के लूना-25 की विफलता के कुछ दिनों बाद ही मिली है। रूस का लूना-25 19 अगस्त को चांद पर लैंडिंग से पहले ही क्रैश कर गया था। अमेरिका के अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा है कि चांद को लेकर चल रहे दौड़ में, भारत ने चांद के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में अपना मून मिशन सफलतापूर्वक लैंड करा दिया है। अखबार ने लिखा, 'रूस के मून मिशन की विफलता के कुछ दिनों बाद ही, भारत का चंद्रयान-3 मिशन चांद के उस हिस्से की छानबीन करने के लिए तैयार है जहां अब तक कोई नहीं पहुंचा था।' भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नियमित रूप से ऐसे मिशन लॉन्च करता है जो अन्य देशों का तुलना में बहुत कम बजट के होते हैं।' 

सऊदी अरब की मीडिया में भारत की सफलता का जिक्र

अल अरबिया 

सऊदी अरब के अखबार अल अरबिया ने लिखा है कि भारत ने ऐतिहासिक क्षण में चंद्रयान-3 को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक लैंड करा दिया है। अखबार ने लिखा, 'भारत के लिए सफल लैंडिंग एक स्पेस पावर के रूप में उसके उभरने का प्रतीक है। भारत की सरकार निजी अंतरिक्ष प्रक्षेपण और संबंधित उपग्रह-आधारित बिजनेस में निवेश को बढ़ावा देना चाहती है और इस हिसाब से यह बेहद महत्वपूर्ण है।' अखबार ने लिखा कि जब अंतरिक्ष यान चांद की सतह पर लैंडिंग का प्रयास कर रहा था तब भारत के लोग अपने टीवी स्क्रीन से चिपके हुए थे और मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना कर रहे थे।

'गल्फ न्यूज' यूएई 

संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई की प्रमुख न्यूज वेबसाइट गल्फ न्यूज में भी चंद्रयान की सफलता भारत की मजबूती बताई गई। खबर में कहा गया कि चंद्रयान की सफल लैंडिंग के बाद भारत पहला ऐसा देश हो गया है, जो चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचा हो।

ब्रिटेन के अखबारों ने की भारत के विजयघोष की बात

'द गार्डियन'

ब्रिटेन के प्रमुख अखबार 'द गार्डियन' ने लिखा कि भारत एक ऐतिहासिक क्षण में चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सफलतापूर्वक अपना अंतरिक्ष यान लैंड कराने वाला पहला देश बन गया है। इस सफलता पर भारत में खुशी का माहौल है। इस सफलता पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष श्रीधर पणिक्कर सोमनाथ ने कहा, 'भारत चांद पर है।' ब्रिटिश अखबार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हवाले से लिखा, 'यह नए भारत की विजय घोष है।'

अंग्रेजी अखबार 'इंडिपेंडेंट'

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को अंग्रेजी अखबार 'इंडिपेंडेंट' ने भारत की एतिहासिक और अभूतपूर्व उपलब्धि बताई है। खबर में कहा गया है कि भारत ने चांद के दक्षिणी सतह पर सफल लैंडिंग कर ली है। खबर में आगे कहा गया है कि हाल ही में रूस का मून मिशन असफल रहा था, लेकिन अब साउथ पोल पर लैंडिंग करने वाला भारत पहला देश बन गया है। अखबार में कहा गया कि साल 2019 में मिशन असफल होने के बावजूद भारत ने कुछ ही समय के अंदर इसे कर दिखाया है। अभी 

पाकिस्तानी मीडिया

जिओ टीवी और डान

पाकिस्तानी न्यूज चैनल जिओ टीवी ने अपनी वेबसाइट पर छपी खबर की हैडिंग में लिखा है, 'भारत के चंद्रयान-3 ने आखिरकार चांद पर लैंड किया।' वहीं पाकिस्तानी जिओ न्यूज के जरिए स्पेसटेक फर्म से जुड़े एक्सपर्ट कार्ला फिलोटिको ने कहा कि चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड करने से भारत चांद पर बर्फीले पानी की तलाश कर सकता है। जो चंद्रमा से जुड़े विज्ञान के लिए काफी जरूरी है। पाकिस्तानी अखबार 'डान' ने भी भारत की चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग का जिक्र किया है।

चीनी मीडिया

चीन के प्रमुख अखबार 'चाइना डेली' ने भारत के चंद्रयान 3 की सफलता पर लिखा कि 'पूर्व सोवियत संघ, संयुक्त राज्य अमेरिका और चीन के बाद भारत चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान उतारने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया। भारतीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर देश के वैज्ञानिक समुदाय और उसके लोगों को बधाई दी। अखबार आगे लिखता है कि 'मिशन 14 जुलाई को लॉन्च किया गया था। लैंडर मॉड्यूल, जिसमें विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर शामिल थे, 17 अगस्त को अंतरिक्ष यान से अलग हो गए।' चीन के प्रमुख अखबार ग्लोबल टाइम्स में भी भारत की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का इसी तरह जिक्र किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश