1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में बाप ने बेटों के साथ मिलकर युवती को जिंदा जलाया, पसंद के युवक से करना चाहती थी शादी

पाकिस्तान में बाप ने बेटों के साथ मिलकर युवती को जिंदा जलाया, पसंद के युवक से करना चाहती थी शादी

 Written By: Deepak Vyas
 Published : May 28, 2023 11:43 pm IST,  Updated : May 28, 2023 11:43 pm IST

जांच अधिकारी मोहम्मद आजम ने रविवार को बताया कि रजाब अली ने अपने बेटों जब्बार और आमिर तथा परिवार के कुछ अन्य सदस्यों के साथ मिलकर 26 मई को अपनी 20 वर्षीय बेटी को घर में आग लगाने से पहले बुरी तरह प्रताड़ित किया।

पाकिस्तान में बाप ने बेटों के साथ मिलकर युवती को जिंदा जलाया, पसंद के युवक से करना चाहती थी शादी- India TV Hindi
पाकिस्तान में बाप ने बेटों के साथ मिलकर युवती को जिंदा जलाया, पसंद के युवक से करना चाहती थी शादी Image Source : FILE

Pakistan News: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार पंजाब प्रांत में रहने वाली युव​ती को जिंदा जला दिया गया। वजह सिर्फ यही थी कि वह अपनी पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह मामला झूठी शान की खातिर हत्या (ऑनर किलिंग) का है। यह घटना शुक्रवार को लाहौर से लगभग 200 किलोमीटर दूर झंग जिले के गढ़ महाराजा में हुई। जांच अधिकारी मोहम्मद आजम ने रविवार को बताया कि रजाब अली ने अपने बेटों जब्बार और आमिर तथा परिवार के कुछ अन्य सदस्यों के साथ मिलकर 26 मई को अपनी 20 वर्षीय बेटी को घर में आग लगाने से पहले बुरी तरह प्रताड़ित किया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवती अपनी पसंद के व्यक्ति से शादी करना चाहती थी। उन्होंने कहा, 'एक दिन पहले, वह घर से चली गई थीं और ऐसा बताया जाता है कि लौटने से पहले उस व्यक्ति के साथ कुछ समय बिताया था।’ आजम ने बताया कि उसके लौटने पर उसके पिता, दो भाइयों और परिवार की कुछ महिलाओं ने उसे रस्सी से बांध दिया और आग लगाने से पहले युवती को बुरी तरह से प्रताड़ित किया। 

उन्होंने बताया कि पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार किये गये आरोपियों को अपने इस कृत्य पर कोई पछतावा नहीं है और उनका कहना है कि लड़की ने परिवार के सम्मान को ठेस पहुंचाई है। 

पिता, बेटों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

उन्होंने कहा, ‘मरने से पहले उसने पुलिस को आग लगाने वालों के बारे में बताया था।’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीड़िता के पिता, दो भाइयों और एक बहन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश