1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ट्रंप और जिनपिंग की बैठक में टिकटॉक पर नहीं हो सका कोई फैसला, मुद्दे को सुलझाने के लिए US के साथ काम करेगा चीन

ट्रंप और जिनपिंग की बैठक में टिकटॉक पर नहीं हो सका कोई फैसला, मुद्दे को सुलझाने के लिए US के साथ काम करेगा चीन

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Oct 30, 2025 07:05 pm IST,  Updated : Oct 30, 2025 07:05 pm IST

दक्षिण कोरिया में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के प्रेसिडेंट शी जिनपिंग के बीच हुई द्विपीक्षीय वार्ता के दौरान व्यापार पर अहम निर्णय हुए, लेकिन टिकटॉक का मुद्दा पूरी तरह बेनतीजा रहा।

टिकटॉक।- India TV Hindi
टिकटॉक। Image Source : AP

बुसान: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के शीर्ष नेता शी जिनपिंग के बीच बृहस्पतिवार को हुई बैठक में व्यापार तनाव कम करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए, लेकिन टिकटॉक के स्वामित्व मुद्दे पर कोई समझौता नहीं हो सका। बैठक के बाद चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि "चीन टिकटॉक से जुड़े मुद्दों को उचित ढंग से सुलझाने के लिए अमेरिका के साथ सहयोग करेगा।" 

टिकटॉक चीन के लिए है अहम मुद्दा

चीन के लिए टिकटॉक अहम मुद्दा है। मगर ट्रंप-जिनपिंग की बैठक के दौरान ज्वाइंट स्टेटमेंट में अमेरिका में लोकप्रिय वीडियो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म टिकटॉक के भविष्य को लेकर किसी ठोस प्रगति का कोई विवरण नहीं दिया गया। ट्रंप प्रशासन के संकेतों के अनुसार, वह बीजिंग के साथ टिकटॉक को अमेरिका में चालू रखने के लिए अंततः एक समझौते पर पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ रहा था। अमेरिकी राजस्व मंत्री स्कॉट बेसेन्ट ने रविवार को सीबीएस के "फेस द नेशन" कार्यक्रम में कहा था कि दोनों नेता "बृहस्पतिवार को दक्षिण कोरिया में इस समझौते को अंतिम रूप देंगे।"

बाइडेन ने लिया था ये फैसला

अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा हस्ताक्षरित कानून के तहत यदि टिकटॉक को चीन की बाइटडांस से नया अमेरिकी मालिक न मिला तो इसे प्रतिबंधित किया जाना था। हालांकि जनवरी में समय सीमा समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने कार्यकारी आदेश जारी कर टिकटॉक को जारी रखने की अनुमति दी, ताकि उनका प्रशासन बिक्री समझौते तक पहुंच सके। ट्रंप ने स्पष्ट कानूनी आधार के बिना कई आदेश जारी कर समय सीमा बढ़ाई। अप्रैल में अमेरिकी स्वामित्व वाली बिक्री का समझौता लगभग तय हो गया था, लेकिन ट्रंप प्रशासन द्वारा चीनी उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा के बाद चीन पीछे हट गया, जिससे सौदा टूट गया। अंततः, राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं के बावजूद ट्रंप ने टिकटॉक को अमेरिका में संचालन जारी रखने की इजाजत दे दी। (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश