America-Iran Tensions: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर बार-बार हमले की धमकी दी है। हाल ही में ट्रंप ने ईरान को 10 दिनों का अल्टीमेटम भी दिया था। ट्रंप की धमकियों के बीच क्षेत्र में तनाव बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। जंग जैसी किसी भी स्थिति को देखते हुए अब सर्बिया और स्वीडन ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों से तुरंत देश छोड़ने की अपील की है। सर्बिया और स्वीडन का यह कदम मध्य पूर्व में बढ़ रहे खतरे को दर्शाता है, जहां अमेरिका और ईरान के न्यूक्लियर समझौते को लेकर विवाद चल रहा है।
बता दें कि, सर्बिया ने जनवरी के मध्य में ही अपने नागरिकों को ईरान छोड़ने और वहां ना जाने की सलाह दी थी। उस समय ईरान में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन चल रहे थे। अब सर्बिया के विदेश मंत्रालय ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया, "बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के कारण, सर्बिया गणराज्य के नागरिकों को आने वाले समय में ईरान जाने की सलाह नहीं दी जाती है। ईरान में मौजूद सभी लोगों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी जाती है।" सर्बिया ने स्पष्ट रूप से कहा कि सुरक्षा की स्थिति लगातार खराब हो रही है और नागरिकों को ईरान से तत्काल निकलने की जरूरत है।
स्वीडन की विदेश मंत्री मारिया माल्मर स्टेनगार्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में ईरान में मौजूद स्वीडिश नागरिकों से अपील की है कि वो वहां से तुरंत निकल जाएं। उन्होंने कहा कि ईरान और पूरे क्षेत्र की स्थिति अत्यधिक अनिश्चित है। स्वीडन के विदेश मंत्रालय की सलाह है कि ईरान की यात्रा ना करें और जो लोग वहां हैं वो जल्द से जल्द निकलें। मंत्री ने जोर दिया कि हवाई यात्रा और बॉर्डर क्रॉसिंग से अभी निकलना संभव है लेकिन जो लोग रुकना चुनते हैं यह उनकी जिम्मेदारी व्यक्तिगत होगी। स्वीडन सरकार निकासी में मदद नहीं कर पाएगी।
हाल ही में ईरान ने कहा था कि वो तेहरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर अमेरिका के साथ जल्द ही एक डील की उम्मीद कर रहा है। यह कार्यक्रम लंबे समय से दोनों देशों के बीच दुश्मनी का प्रमुख कारण रहा है। ईरान के विदेश मंत्री ने संकेत दिया कि जल्द ही एक प्रस्ताव तैयार किया जाएगा, जिस पर बातचीत हो सकती है। लेकिन, ट्रंप ने तेहरान पर दबाव बढ़ाने के लिए मिडिल ईस्ट में बड़े पैमाने पर नेवल बिल्ड-अप का आदेश दिया है। इस बीच ट्रंप ने साफ कहा है कि अगर बातचीत बेनतीजा रही तो वो मिलिट्री स्ट्राइक पर विचार कर रहे हैं। ट्रंप ने ईरान को 10 दिनों का अल्टीमेटम भी दिया है।
सर्बिया और स्वीडन जैसे यूरोपीय देशों की यह चेतावनी अंतरराष्ट्रीय समुदाय में बढ़ती चिंता को दिखाती है। कई अन्य देश भी अपने नागरिकों को ईरान से निकलने की सलाह दे चुके हैं। ट्रंप की धमकी ने स्थिति को और जटिल बना दिया है। मध्य पूर्व बड़ा संघर्ष के मुहाने पर खड़ा है।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान में मरियम नवाज के इस फैसले पर मच गया हाहाकार, विरोधियों ने दागे सवाल
संपादक की पसंद