1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Delhi News: रक्षाबंधन पर बहन को देना था E-Scooter तो चेन स्नैचिंग और चोरी पर उतर आया भाई, हुआ अरेस्ट

Delhi News: रक्षाबंधन पर बहन को देना था E-Scooter तो चेन स्नैचिंग और चोरी पर उतर आया भाई, हुआ अरेस्ट

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Aug 01, 2022 11:45 pm IST,  Updated : Aug 01, 2022 11:46 pm IST

Delhi News: आरोपी ने बताया कि कम उम्र में ही वह खराब संगत में पड़ गया था और वह नशे का आदी हो गया था। इसके बाद उसने अपनी पढ़ाई छोड़ दी और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गया।

Arrest- India TV Hindi
Arrest Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

Highlights

  • आरोपी का नाम सुल्तानपुरी थाने में ‘खराब चरित्र वाले लोगों की लिस्ट’ में शामिल
  • वह लूट, अवैध हथियार रखने और चोरी के 10 मामलों में संलिप्त रह चुका है
  • कम उम्र में ही खराब संगत में पड़ गया और वह नशे का आदी हो गया था आरोपी

Delhi News: इस महीने की 11 तारीख को रक्षाबंधन का त्यौहार है और यह भाई-बहन के रिश्ते के लिए सबसे खास दिन होता है। इस दिन को अपनी बहन को गिफ्ट देने का ट्रेंड भी चल पड़ा है। ऐसे में दिल्ली का एक युवक अपनी बहन को गिफ्ट देने के चलते चेन स्नैचिंग और चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देने लग गया। दिल्ली में 21 वर्षीय एक ‘हिस्ट्रीशीटर’ ने रक्षा बंधन पर अपनी बहन को इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीद कर देने के लिए अपनी आपराधिक गतिविधियां बढ़ा दी, जिसके बाद उसे (युवक को) गिरफ्तार कर लिया गया।

चोरी के 3 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद

शहर के रोहिणी निवासी तरूण उर्फ रोशन का नाम सुल्तानपुरी थाने में ‘खराब चरित्र वाले लोगों की लिस्ट’ में शामिल है। उसे विजय विहार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह पहले लूट, अवैध हथियार रखने और चोरी के 10 मामलों में संलिप्त रह चुका है। पुलिस ने तरूण की गिरफ्तारी के बाद 6 आपराधिक मामलों को हल करने का दावा किया है और उसके पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

जुर्म को अंजाम देने के बाद मोबाइल फोन भूल गया आरोपी
पुलिस ने बताया कि सुरेंद्र नामक शख्स ने पुलिस को शिकायत दी कि उसके घर में 7 जुलाई को चोरी हुई है और इसके बाद केस दर्ज किया गया। केस दर्ज होते ही जांच शुरू कर दी गई। बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा ने कहा कि आरोपी जुर्म को अंजाम देने के बाद गलती से अपना मोबाइल फोन सुरेंद्र के घर भूल गया था।

पूछताछ के दौरान तरूण ने बताया कि कम उम्र में ही वह खराब संगत में पड़ गया था और वह नशे का आदी हो गया था। इसके बाद उसने अपनी पढ़ाई छोड़ दी और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गया। उसने हाल में अपनी आपराधिक गतिविधियां इसलिए बढ़ा दी थी कि वह अपनी बहन को रक्षाबंधन पर तोहफा देने के लिए एक ई-स्कूटर खरीद सके।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।